प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री महाराजा समथर का आज बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया। वे झांसी की गरौठा विधानसभा से 7 बार विधायक और एक बार एमएलसी रहे। झांसी की समथर स्टेट रियासत के वे महाराजा भी थे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में उनकी गिनती होती थी। 72 साल की उम्र में उन्होंने लखनऊ स्थित आवास पर सुबह करीब 11:30 अंतिम सांस ली। गुरुवार को समथर में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा।
कुछ समय बीमार चल रहे थे
कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने बताया कि “झांसी में समथर स्टेट रियासत हुआ करती थी। महाराज रणजीत सिंह जूदेव का जन्म दो अगस्त 1950 को समथर में ही हुआ था। वे गरौठा विधानसभा से 7 बार विधायक और एक बार एमएलसी रहे।
हमेशा वो कांग्रेस में रहे और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में उनकी गिनती होती थी। कुछ समय से बीमार चल रहे थे। इसलिए वे लखनऊ स्थित आवास में रह रहे थे। आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।”
वसुंधरा राजे के बेटे से हुई है बेटी की शादी
प्रदीप जैन ने बताया कि राजा समथर का एक बेटा समरजीत है। इसके अलावा एक बेटी निहारिका है। निहारिका की शादी राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत से हुई है। इसलिए वे पूर्व सीएम के समधी थे। वह प्रतापगढ़ के रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के सगे मामा थे।
किले में दर्शन के लिए रखी जाएगी पार्थिव देह
आज रात तक राजा समथर की पार्थिव देह समथर पहुंच जाएगी। कल यानी गुरुवार सुबह 10 बजे से समथर किले के अंदर अंतिम दर्शन होंगे। दो बजे के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान पूर्व सीएम वशुंधरा राजे और राजा भैया के आने की भी चर्चा है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.