सहारनपुर में पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य के सामने उनको सीएम बनाने से जुड़ा बयान दिया। शुक्रवार को सैनी समाज के भागीरथ जयंती के कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ने मंच पर बैठे केशव मौर्य को मुख्यमंत्री कहकर संबोधित किया। उन्होंने मौर्य से कहा, “आप अगर कहो कि यहां से लखनऊ तक आपके लिए खून की नदियां बहा दें तो आपके लिए खून की एक-एक बूंद देने के लिए तैयार हैं।”
केशव मौर्य कार्यक्रम के चीफ गेस्ट थे। उनके अलावा, राज्यमंत्री जसवंत सैनी और नकुड़ से भाजपा विधायक मुकेश चौधरी भी इसमें शामिल हुए।
धर्म सिंह सैनी ने मौर्य के सामने ही कहा, “हम वर्तमान मुख्यमंत्री को हटाकर आपको मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहते हैं। हम चाहते हैं, वो देश की राजनीति करें। केंद्र की बढ़िया राजनीति करें। उनकी जरूरत देश को है।”
दरअसल, धर्म सिंह सैनी योगी की पहली कैबिनेट में मंत्री रहे हैं। 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा छोड़कर सपा ज्वाइन कर ली थी। सहारनपुर की नकुड़ सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। बाद में उनका सपा से भी मोहभंग हो गया। कई बार उनके भाजपा ज्वाइन करने की चर्चाएं सियासी गलियारे में सामने आई हैं।
“केशव मौर्य को सीएम पद पर होना चाहिए”
धर्म सिंह सैनी ने कहा, “केशव मौर्य को सीएम पद पर होना चाहिए था। यह हमारी गलती रही है। लेकिन भाजपा, ईश्वर में विश्वास करती है। जब ईश्वर में विश्वास करती है, तो किस्मत का भी खेल होता है। जब तक हमारे समाज के सितारे बुलंद नहीं होंगे, तब तक हम मुख्यमंत्री की सीट पर नहीं जा सकते हैं। सितारे ताली बजाकर और हवन-पूजा करके नहीं सुधर सकते हैं। वो संघर्ष से बदल सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि हमारे समाज के शामली की कैराना विधानसभा में सवा दो लाख लोग हैं। और ढाई लाख सहारनपुर लोकसभा में हैं।
“सैनी समाज के विधायक बने तो आप सीएम बनेंगे”
डॉ. सैनी ने कहा, “सीएम का इलेक्शन मेयर जैसा नहीं होता है। सीएम MLA से बनता है। जब आपके समाज के विधायक बनेंगे, तब आप सीएम बनेंगे। पश्चिमी यूपी में सैनी समाज के 7 से 8 विधायक बनते थे। अभी 2 थे, लेकिन अब 1 रह गए। MLC की बात करूं, तो जसवंत सैनी हैं। लेकिन सीएम MLC नहीं, विधायक बनाते हैं।
केशव बोले- निकाय सेमीफाइनल, असली परीक्षा 2024
वहीं, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “निकाय चुनाव सेमीफाइनल था। लेकिन असली परीक्षा 2024 में है। सैनी समाज को मजबूती से भाजपा को जिताना होगा। भाजपा को हराने के लिए विपक्षी पार्टियां गुट बनाकर मैदान में उतरेंगी। आपको विचलित करने के लिए नई-नई अफवाहें फैलाएंगी। लेकिन आपको कतई विचलित नहीं होना है।”
“सैनी समाज पर पुलिस कर रही अन्याय”
वहीं, पूर्व मंत्री डॉ. सैनी ने कहा, “20 साल से समाज का उत्पीड़न नहीं हुआ। लेकिन एक साल से समाज का उत्पीड़न हो रहा है। हमारी हैसियत यह होनी चाहिए कि समाज के ऊपर कोई भी उंगली न उठा पाए। हम आपकी ओर देख रहे हैं। आप सहारनपुर की ओर देखें और इसे गोद ले लें। समाज के लोगों पर ध्यान रखें। क्योंकि, समाज के लोगों पर पुलिस अन्याय कर रही है।”
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.