यूपी में तीन दिनों से हो रही बारिश अभी थमेगी नहीं। शनिवार को भी प्रदेश के 49 जिलों में 11 अक्टूबर तक भारी बारिश का येलो अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार-शनिवार की रात रुक-रुककर बारिश होती रही। अयोध्या और आगरा में भी कुछ ऐसा ही हाल रहा है। यहां रातभर बारिश हुई। फतेहपुर में बारिश से जुड़े हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई है। 3 की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है, जबकि दो की दीवार ढहने से हुई है। वहीं बारिश के चलते आगरा, एटा और हाथरस में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
लखनऊ में शनिवार दोपहर बारिश से एक मकान की दीवार और छत गिर गई। इस दौरान खेल रहे तीन बच्चे और एक युवक मलबे के नीचे दब गए। रेस्क्यू कर चारों घायलों को निकाल कर लोक बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां एक युवक की हालत नाजुक बनी है।
वहीं, एटा में बारिश के चलते एक मकान की छत गिर गई। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गई।
उधर, आजमगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। बिसईपुर गांव में बारिश के बाद युवक के छत पर चढ़ रहा था। इसी समय अचानक बिजली गिर गई। जिससे नदीम बुरी तरह से झुलस गया।
इसके अलावा, कानपुर, फतेहपुर, कौशांबी, उन्नाव, लखीमपुर समेत 15 से ज्यादा जिलों में बारिश हो रही है। हालांकि, इसके बाद ठंड का दौर शुरू होने का भी अनुमान है। दीपावली यानी 24 अक्टूबर तक न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
अब शुक्रवार को हुई बारिश की बात करते हैं। कल 24 घंटे में 15.3 मिलीमीटर औसत बारिश प्रदेश में रिकॉर्ड की गई। यह औसत अनुमान से 743% ज्यादा है। प्रदेश में 3 दिनों से लगातार बारिश से रात में हल्की ठंड और सुबह कोहरा पड़ रहा है।
आगरा में बारिश के बाद कई स्कूलों में रेनी डे
आगरा में 15 घंटों से लगातार बारिश जारी है। बारिश के चलते सेंट पीटर्स ,गायत्री पब्लिक समेत अधिकांश स्कूलों ने रेनी डे घोषित कर दिया है। रात भर की बारिश से शहर में जगह- जगह जलभराव की स्थिति हो गई है। खेतों में पानी भर जाने से किसान परेशान हैं। वहीं लखनऊ में भी 3 दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। शुक्रवार रात में राजधानी में रिमझिम बारिश हुई। शनिवार सुबह आसमान में काले बादल छाए हैं।
फतेहपुर में बिजली से जुड़े हादसे में 5 की मौत
फतेहपुर में बारिश से जु़ड़े हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। तीन लोगों की मौत आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों को मौत हो गई है। जबकि एक महिला झुलस गई है। वहीं बड़नपुर के सोनही गांव में कच्चा मकान की दीवार गिरने से चाचा-भतीजे की मलबे में दबने से मौत हो गई है। जिले में लगातार 3 दिनों से बारिश हो रही है। जिसके चलते कई जगहों पर पानी भर गया है। जिससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
अयोध्या में रात में बूंदाबांदी
अयोध्या सुबह से काले बादल छाए हुए हैं। रात में हल्की बूंदाबांदी हुई। रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अनुसार, आगामी सप्ताह में पूर्वी यूपी में घने बादल छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा कहीं-कहीं पर बारिश हो सकती है।
बलरामपुर में राप्ती खतरे के निशान के पार, घरों में घुसा पानी
बलरामपुर में राप्ती नदी का खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिसके चलते कई क्षेत्रों में पानी भर गया है। पानी सड़कों पर आ जाने से सड़क यातायात प्रभावित है। इसके अलावा हजारों एकड़ खड़ी फसल डूब गई है। डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने बाढ़ प्रभावित गांवों कोडरी पहुंचकर बाढ़ का जायजा लिया गया। डीएम ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
इन जिलो में है येलो अलर्ट
यूपी के सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, संतकबीर नगर, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, जौनपुर, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर, बांदा, महोबा, झांसी, जालौन, इटावा, औरैया, कन्नौज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बरेली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से इन जिलों में हवाएं भी चल सकती हैं।
ठंड ने दी दस्तक
हल्की ठंड के बाद अब मौसम पूरी तरह ठंड की ओर हो चला है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी ठंड की ओर होगा। आलम यह है कि नम पछुआ हवाओं से दिन में धूप का असर कम हो गया है। रात में ठंड भी बढ़ गई है।
ठंड के साथ अब पड़ेगा घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर तेजी से करवट ले रहा है। लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की ओस भी पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और रात में घने चेहरे की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सामान्य कोहरा रहने की उम्मीद है। इस दौरान ठंड भी बढ़ेगी।
हवा ने बढ़ाई ठंड
राज्य में उत्तरी-पश्चिमी हवा चल रही है। पहाड़ों की ओर से आ रही ये हवा सुबह-शाम ठंड बढ़ा रही है। लखनऊ स्थित मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया, “हवा की रफ्तार 5 किलोमीटर से बढ़कर 10 किलोमीटर के करीब हो गई।”
इस बार अधिक दिन तक रह सकती है ठंड
मौसम वैज्ञानिक प्रो.मनोज श्रीवास्तव ने बताया, “अभी तो अक्टूबर की शुरुआत में यह स्थिति है। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। इसके साथ ही ठंड भी इस बार अधिक दिन तक रह सकती है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के कई हिस्सों पर खूब बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में और भी कमी आ सकती है।”
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.