बिहार से नोएडा घूमने आए जनता दल यूनाइटेड (JDU) नेता के बेटे और उसके दोस्त का अपहरण हो गया। बदमाशों ने 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। घरवालों को लड़के के गले पर चाकू लगाकर फोटो भी भेजा। मगर, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में जाल बिछाकर 23 घंटे बाद ही दोनों को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया।
इस बीच पुलिस की 5 बदमाशों से मुठभेड़ हुई। उसने दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि तीन फरार हो गए। एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। मामला बिहार JDU के पूर्व जिला अध्यक्ष मेहराज खान के 24 साल के बेटे दिलबर खान का है।
कहानी रविवार शाम से शुरू होती है… बिहार के बांका में मेहराज खान रहते हैं। वह राजनीति में सक्रिय हैं और JDU के जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके बेटे दिलबर खान ने भी इस बार जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गया था।
उसके दोस्त परवेज अंसारी का साढ़ू पीरू खान नोएडा में रहता है। वह कुछ दिन पहले बिहार में परवेज से घर मिलने गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात दिलबर खान से हुई। उसने रविवार को फोन कर दिलबर और परवेज को नोएडा घूमने के लिए बुलाया।
इस पर दिलबर रविवार शाम 4 बजे अपने दोस्त परवेज, इमरान और शाहिद के साथ नोएडा पहुंचा। इसके बाद तीनों लोग कैब से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंचे। वहां उन्हें पीरू खान मिला। वह अपनी आर्टिगा कार से आया था। उसके साथ 4 और लोग भी थे। इसी बीच शाहिद टॉयलेट करने चला गया। तभी पीरू खान और उसके चरों साथियों ने दिलबर, परवेज और इमरान को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद वे कार तेजी से भगाने लगे।
इस बीच दिलबर ने उन्हें रुकने और इमरान को साथ लेने को कहा, मगर वे लोग नहीं माने। इसके बाद शाहिद ने मामले की सूचना पुलिस और दिलबर के परिजनों को दी।
बदमाशों ने 24 घंटे में तीन बार परिजनों को किया फोन
बदमाशों ने 24 घंटे में तीन बार परिजनों को फोन करके 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी। उन्होंने मेहराज खान के वॉट्सऐप पर फोटो भेजा। इसमें आरोपियों ने दिलबर के गले पर चाकू लगा रखा था। फिरौती न देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मेहराज ने बांका पुलिस को सूचना दी।
JDU नेता के बेटे के अपहरण की खबर मिलते ही बांका पुलिस भी सक्रिय हो गई। उसने नोएडा के DCP अभिषेक वर्मा को पूरे मामले के बारे में बताया। इस पर DCP भी तुरंत एक्शन में आ गए। उन्होंने बदमाशों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
नकली नोटों का बैग लेकर सादी वर्दी में पहुंचा पुलिस वाला
नोएडा पुलिस ने बिहार में मेहराज खान को फोन करके बदमाशों की बात मानने को कहा। इसके बाद जब मेहराज के पास तीसरी बार बदमाशों का फोन आया तो उन्होंने फिरौती देने की हामी भर ली। तब बदमाशों ने उन्हें बताया कि चूहड़पुर अंडरपास पर रकम लेकर आना है।
इसके बाद नोएडा DCP ने कमान अपने हाथ में ले ली। उन्होंने फिरौती की रकम के लिए नकली नोट का इंतजाम किया। फिर उन्हें एक बैग में रखा। फिर पुलिस टीम के साथ एक सादी वर्दी में सिपाही को नकली नोटों के बैग के साथ चूहड़पुर अंडरपास भेजा गया।
एक बदमाश बैग लेने आया, चार छिपे थे
चूहड़पुर अंडरपास पर 5 बदमाश पहले ही पहुंच चुके थे। उनके साथ अपह्रत किए गए दोनों युवक भी थे। इसके बाद नोटों का बैग लेकर पहुंचे सादी वर्दी वाले सिपाही को देखते ही एक बदमाश बैग लेने आगे आ गया। मगर तभी पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी कर ली। इस पर छिपे चारों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
तीन बदमाश मौके से भाग गए, दो गिरफ्तार
इस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, तो पीरू समेत तीन बदमाश भाग गए। पुलिस की फायरिंग में अयूब के पैर में गोली लग गई। उसे और उसके साथी राशिद को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उनके चंगुल से दिलबर खान और उसके दोस्त परवेज अंसारी को बरामद कर लिया गया।
बदमाशों के कब्जे से ये बरामद हुआ है
अयूब को घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल भर्ती कराया गया है। बदमाशों के कब्जे से 1-1 पिस्टल, 2 कारतूस, 1 खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल अर्टिगा कार (यूपी 13बीटी 0157) बरामद हुई है। फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.