लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में सिर्फ 1 सीट पर सिमट चुकी बहुजन समाज पार्टी क बुरा हाल है। 2012 के बाद से ही पार्टी जो कमजोर होना शुरू हुई, वह अब अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। एक तरफ वोट बैंक घटा दूसरी तरफ अब स्थिति ये है कि पार्टी का सदस्यता अभियान मुश्किलों में घिरा नजर आ रहा है। बसपा प्रमुख मायावती ने हर विधानसभा में 75 हजार सदस्य बनाने का टारगेट दिया था। तीन महीने बीत गए लेकिन प्रदेश के ज्यादातर जिले टारगेट से काफी पीछे हैं। सदस्य बनाने के लिए भी लोग नहीं मिल रहे हैं। ऐसी स्थिति में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की नींद उड़ी हुई है क्योंकि इसी महीने 31 अगस्त को सदस्यता अभियान की समीक्षा होनी है।
दरअसल बसपा का सदस्यता अभियान सभी राज्यों में चल रहा है। यूपी में अभियान चलाने के लिए बसपा प्रमुख मायावती ने 29 मई को पदाधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए थे। अभियान 1 जून से शुरू हुआ। मकसद है कि इतने सदस्य बन जाएंगे तो आने वाले नगर निकाय चुनाव और फिर लोकसभा चुनाव में मदद मिलेगी। इसके लिए बसपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी बैठकें कर रहे हैं। घर-घर जाकर भी सदस्य बना रहे हैं। अब 31 अगस्त को इस अभियान की समीक्षा होनी है। इससे कार्यकर्ता और पदाधिकारी परेशान हैं।
सदस्यता अभियान की स्थिति
अकेले लखनऊ जिले का हाल देखें तो यहां कुल 9 विधानसभा सीटें हैं। हर विधानसभा में 75 हजार के हिसाब से 6,75,000 सदस्य बनाए जाने थे। सूत्रों के अनुसार अभी तक जिले का आंकड़ा एक लाख तक ही पहुंच पाया है। गाजियाबाद में 5 विधानसभा सीटें हैं। यहां अब तक 50 हजार सदस्य ही बने हैं। टारगेट के हिसाब से यहां 3,75,000 सदस्य बनाने हैं। बरेली में 9 विधानसभा सीटें हैं। ज्यादातर विधानसभाओं में 25-25 हजार सदस्य बन गए हैं। यह भी टारगेट का एक तिहाई है। अन्य जिलों में भी टारगेट से काफी कम सदस्य अभी तक बन पाए हैं।
पार्टी फंड के लिए भी अहम
लोगों को पार्टी से जोड़ने के साथ ही सदस्यता अभियान इसलिए भी अहम है क्योंकि इससे पार्टी के लिए फंड भी जुट सकेगा। सदस्यता शुल्क 200 रुपये प्रति सदस्य रखा गया है। इस तरह यदि 75 हजार सदस्य बन जाते हैं तो हर विधानसभा से 1.50 करोड़ रुपये फंड जुटाया जा सकेगा।
हो सकता है बदलाव
अब पदाधिकारियों की फिक्र है कि 31 अगस्त को समीक्षा के दौरान मायावती का रुख क्या होगा? सदस्यता अभियान में प्रदर्शन के आधार पर संगठन में कुछ बदलाव भी हो सकते हैं।