कुशीनगर में एक दुल्हन का शव पेड़ से लटका मिला है। वह वरमाला के बाद अपने कमरे में गई थी। वहीं से लापता हो गई थी। काफी देर तलाश के बाद भी जब दुल्हन नहीं मिली तो फिर उसकी छोटी बहन से दूल्हे से शादी करवाई गई। रविवार सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर पेड़ पर दुल्हन के लिबास में ही उसका शव मिला। लहंगे की चुनरी से उसने फंदा बनाया था।
यह हत्या है या आत्महत्या है? इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पूरी घटना चौरा खास थाना क्षेत्र के बिन टोला गांव की है।
बाथरूम जाने की बात कहकर कमरे से गई थी
गांव के रहने वाले उदयनाथ की बेटी नीतू (21) की रविवार को देवरिया के मझौली राज गांव से बारात आई थी। शाम को बारात पहुंची। बारातियों ने नाश्ता किया। नाचते-गाते दुल्हन के दरवाजे पहुंचे। वहां शुरुआती रस्मों के बाद रात करीब 12 बजे जयमाल का कार्यक्रम हुआ। दुल्हन ने दूल्हे को जयमाला पहनाई। दूल्हे के साथ खाना खाया। फिर दुल्हन अपने कमरे में चली गई। क्योंकि, फेरे व अन्य रस्म थोड़ी देर बाद शुरू होनी थी।
दुल्हन की मां चिंता देवी ने बताया,”जयमाला के बाद बेटी नीतू कमरे में गई। वहां बाथरूम के लिए जाने की बात कहकर कमरे से बाहर गई थी। मैंने भी उस वक्त ध्यान नहीं दिया। जब पैर पूजने की रस्में करने की बारी आई तो बेटी को बुलवाया गया। उस समय पता चला वह कमरे में लौटकर नहीं आई। इसके बाद शादी में हंगामा मच गया। हम लोगों ने मिलकर उसे ढूढ़ना शुरू किया। पुलिस को सूचना देकर तलाश कराई गई लेकिन बेटी का पता नहीं चला। हमें लगा बेटी कहीं भाग गई है।”
पिता बोला-छोटी बेटी से करानी पड़ी शादी
दुल्हन के पिता उदयनाथ ने रोते हुए बताया,” बेटी को रात में बहुत तलाश किया। जब वह नहीं मिली तो पूरा परिवार परेशान हो गया। बारात दरवाजे पर खड़ी थी। दूल्हा भी था। ऐसे में दूल्हे के पिता से बातचीत की गई। दोनों पक्षों की रजामंदी के बाद घर की इज्जत बचाने को अपनी छोटी बेटी से दूल्हे की शादी करवाई। जयमाल के बाद की बाकी रस्म उसी मंडप में छोटी बेटी के साथ कराई गईं।”
बारात विदा होने के बाद मौत का पता चला
पिता उदयनाथ ने बताया, “छोटी बेटी रंजीता (19) के साथ सारी रस्में पूरी कराने के बाद हम लोगों ने बारात विदा कर दी थी। इसके बाद फिर से नीतू की तलाश में जुट गए। सुबह गांव के लोग जब खेतों की तरफ गए तो वहां नदी किनारे बरगद के पेड़ पर बेटी का शव लटका देखा। हमें सूचना मिली तो पूरा परिवार मौके पर पहुंचा। वहां देखा तो बेटी के लहंगे की चुनरी से फंदा बना हुआ था। उसका शव लटका हुआ था।”
पहले 30 जनवरी को होनी थी शादी
ग्रामीणों के मुताबिक, नीतू की शादी पिछले महीने 30 जनवरी को होनी थी। लेकिन उसी दौरान नीतू की दादी का देहांत हो गया। इस कारण शादी की डेट आगे बढ़ाकर 12 फरवरी की गई थी। उदयनाथ की पांच बेटियों और एक बेटे में मृतक नीतू दूसरे नंबर पर थी। नीतू ने कक्षा 11 तक पढ़ाई के बाद घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलते पढ़ाई छोड़ दी थी। नीतू के पिता मुंबई में काम करते हैं। बेटी की शादी के लिए कुछ दिन पहले घर आए थे।
जमीन से 15 फीट ऊपर लटका था शव
मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया। जांच कराई। शव जमीन से 15 फीट ऊंचाई पर लटका हुआ था। पुलिस ने शव को सीढ़ी लगाकर नीचे उतारा। हालांकि, ग्रामीणों में यह चर्चा थी कि लहंगा पहनकर दुल्हन क्या पेड़ में इतनी ऊंचाई पर चढ़ सकती है?
वहीं, पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर चूड़ी-कंगन व जयमाल के दौरान मिले कुछ पैसे पड़े मिले हैं। लड़की के परिवार वालों से पूछताछ की जा रही है। कमरे से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.