प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान स्थिति में बड़ा बदलाव दिखेगा। शत्र को देर रात तक चलाए जाने की योजना बनाई गई है। इसका खुलासा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया। उन्होंने कहा कि बजट सत्र में अधिक से अधिक सदस्यों को चर्चा में भाग लेने का मौका मिले, इसलिए जरूरत पड़ने पर देर रात 12 बजे से 1 बजे तक सदन की कार्यवाही को जारी रखा जा सकता है। विधानसभा अध्यक्ष ने घोषणा की है कि सदन में उठने वाले सवाल जवाब के लिए संबंधित विभागों को भेजे जाएंगे। जवाब सभी सदस्यों को मिल सके, इसके लिए विधानसभा सचिवालय की ओर से निगरानी होगी। मॉनिटरिंग के दौरान विभाग और विधानसभा सदस्य दोनों से इस संबंध में पूछताछ होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही के दौरान आम जनता की समस्याओं को सदन के मंच पर उठाए जाने को लेकर यह बड़ा ऐलान किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ क्षेत्र की समस्याओं को अधिक से अधिक उठाए जाने को लेकर अपनी बात कह चुके हैं। अब तय किया गया है कि संबंधित विभागों में सदन में उठने वाले सवाल भेजे जाएं। उनका समाधान हो। सवाल उठाने वाले सदस्यों को समाधान के बारे में जानकारी मिले। इसकी पूरी व्यवस्था होगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा में भी लोकसभा की तर्ज पर उत्कृष्ट विधायक चुने जाने की परंपरा शुरू होगी। संसद में होने वाले उत्कृष्ट सांसद के चयन जैसा प्रावधान यूपी विधानसभा में भी होगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इसके लिए नियमावली बन रही है। विधानसभा की नई नियमावली का मसौदा सदन में रखा जाएगा। वहां से इसे पास कराकर लागू किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने सदस्यों की मांग पर पोर्टल के जरिए 24 घंटे में कभी भी सवाल लगाने की सुविधा भी अब विधालसभा सदस्यों को मिलेगी। इस संबंध में बड़ी घोषणा की गई है। अभी तक पोर्टल पर सवाल सदन संचालित होने की अवधि में ही लगाए जा सकते थे। समय में वृद्धि से विधायकों को बड़ी सुविधा मिल जाएगी। वहीं, विधानसभा के आखिरी सत्र में होने वाली ग्रुप फोटोग्राफी को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। निर्णय लिया गया है कि इस बार 3 मार्च को सत्र के दौरान विधानसभा सदस्यों की ग्रुप फोटोग्राफी होगी। वहीं, डिजिटल गैलरी में भी उत्तर प्रदेश विधानसभा को जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए जल्द ही गाइडलाइन लाए जाने के बात विधानसभा अध्यक्ष ने कही।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.