हमीरपुर में एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव प्रेमी के गांव में एक ही पेड़ से लटके मिले हैं। दोनों ने दुपट्टे से फांसी लगाई है। प्रेमी जोड़े के शव युवक के घर से 1 किलोमीटर की दूरी पर मिले हैं।
मौके से दोनों का कुछ सामान भी मिला है। जिसमें एक बैग और कपड़े शामिल हैं। साथ ही सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें शादी के लिए परिवार के न मानने पर मजबूर होकर आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। गांव वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों के शवों को पेड़ से उतारा। फिर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस शव के पास मिले सुसाइड नोट की जांच कर रही है। साथ ही परिवार के लोगों से मामले की जानकारी ले रही है। घटना बुधवार सुबह 10 बजे की सुमेरपुर थाना क्षेत्र की है।
प्रेमी-प्रेमिका शादी करना चाहते थे
मरने वाले युवक का नाम श्रीराम है। उसकी उम्र 21 साल है। वह मिहुना का रहने वाला है। श्रीराम गाड़ी चलाने का काम करता है। वहीं, प्रेमिका का नाम पिंकी है। वह कुरारा थाना क्षेत्र में शेखूपुर की रहने वाली है। उसकी उम्र 20 साल है। दोनों की मुलाकात करीब 3 साल पहले एक कार्यक्रम में हुई थी। उसके बाद से उनमें बातचीत शुरू हो गई थी। फिर दोनों का अफेयर चलने लगा। दोनों शादी करना चाहते थे।
प्रेमिका के घर से प्रेमी का गांव 50 KM दूर है
प्रेमिका का गांव प्रेमी के गांव से करीब 50 किलोमीटर दूर है। ऐसा माना जा रहा है कि प्रेमिका बस से प्रेमी के गांव बुधवार सुबह ही पहुंची। उसके बाद दोनों ने खुदकुशी कर ली। दोनों के शव के पास मिले सुसाइड नोट में प्रेमिका ने अपने परिवार पर उसकी बात न मानने का आरोप लगाया है।
प्रेमिका ने सुसाइड नोट पर यह लिखा है-
“हम दोनों साथ रहना चाहते हैं। लेकिन, मेरे घर वाले हम लोगों को साथ नहीं रहने दे रहे हैं। इसमें लड़के के घर वालों की कोई गलती नहीं है। वे लोग मुझे अपनाने के लिए तैयार हैं। मेरे ही घर वाले साथ नहीं रहने दे रहे हैं। ऐसे में हम लोगों के पास इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है। हम लोग हमेशा साथ रहना चाहते हैं। लेकिन परिवार के लोग कभी भी हमें साथ नहीं रहने देंगे। इसलिए साथ मर कर हमेशा साथ रहना चाहते हैं।”
चाचा बोले- हम लोग लड़की को नहीं जानते
घटना की सूचना मिलने के बाद लड़की के परिवार वाले भी मौके पर पहुंचे। इस मामले में लड़के के चाचा का कहना है कि हम लोग इस लड़की को नहीं जानते हैं। हमने इसे पहले कभी नहीं देखा है। उनका यह भी कहना है कि उनके भतीजे ने कभी भी किसी लड़की के बारे में घर में कुछ नहीं बताया है। पता नहीं यह लड़की कौन है? मेरा भतीजा तो यहां गाड़ी चलाने का काम करता था। 2 दिन पहले जब मेरा भतीजा घर से निकला, तब भी वह पूरी तरह से ठीक था। फिर पता नहीं अचानक क्या हुआ, जो उसने अपनी जान दे दी।
लड़का गाड़ी चलाने का काम करता है
उधर, गांव वालों का कहना है कि इन दोनों का अफेयर पिछले 3 साल से चल रहा है। लड़का गाड़ी चलाने का काम करता था। वह अक्सर अपनी प्रेमिका से मिलने आया करता था। प्रेमिका भी कभी-कभी प्रेमी से मिलने आया करती थी। उन दोनों को साथ में गांव में सभी लोगों ने देखा होगा। श्रीराम गांव में सभी लोगों से बोलता था कि वो पिंकी से ही शादी करेगा।श्रीराम के घर वाले तो राजी ही थे पता नहीं क्यों पिंकी के घरवालों ने मना कर दिया। हां बोल देते तो आज दोनों बच्चे जिंदा होते।
इस मामले में SP शुभम पटेल का कहना है कि हम लोग जांच कर रहे हैं। सुसाइड नोट का मिलान हैंड राइटिंग से करवाया जाएगा। साथ ही दोनों के परिवार वालों से बयान लिए जाएंगे। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.