कानपुर के बांसमंडी स्थित एआर टावर में गुरुवार देर रात 1:30 बजे भीषण आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से 6 कॉम्प्लेक्स की करीब 800 दुकानें पूरी तरह से जलकर राख हो गईं। कपड़ा व्यापारियों का अरबों का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि ईद को देखते हुए करोड़ों रुपए के कपड़े मंगाए थे, सब जलकर राख हो गए। हम लोग बर्बाद हो गए हैं।
वहीं, मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे। उन्होंने कहा- मामले की उच्चस्तरीय जांच कराएंगे। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। नुकसान का आकलन कराया जाएगा। इसके बाद सरकार मुआवजे का ऐलान करेगी।
‘पूरा करीब हजार से 1200 करोड़ का नुकसान’
मसूद कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स गारमेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश रामचांदनी ने बताया कि मसूद कॉम्प्लेक्स में करीब 300 से 400 करोड़ का नुकसान हुआ है। पूरे कपड़ा व्यापार का करीब 1 हजार से 1200 करोड़ का नुकसान हुआ है।
व्यापारियों ने जताई नाराजगी
एआर टावर के राइट साइड मसूद कॉम्प्लेक्स है। यहां कपड़ा व्यापारी ईशान चुग की पिंकी सुट्स के नाम से दुकान है। उन्होंने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे आग लगने की सूचना मिली। हम मौके पर पहुंचे। आग सबसे पहले हमराज कॉम्प्लेक्स में लगी।
रात में हम लोग चिल्लाते-चिल्लाते थक गए कि हम लोगों को माल निकालने दिया जाए। तब तक मसूद कॉम्प्लेक्स में आग नहीं लगी थी। किसी ने भी माल निकालने नहीं दिया। आधे घंटे के अंदर मसूद कॉम्प्लेक्स में आग फैल गई। आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
देरी से शुरू हुई आग बुझाने की कोशिश
कपड़ा व्यापारी बसीर अली ने बताया कि मेरी हमराज कॉम्प्लेक्स में MBA गारमेंट्स के नाम से दुकान है। लोग कह रहे हैं कि अभी भी आग लगी है। दीवारें दहक रही हैं। बगल के सुपर हमराज कॉम्प्लेक्स में कभी भी आग लग सकती है। करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। ईद की वजह से हर एक व्यापारी ने करोड़ों रुपए का माल मंगाया था।
15 फीट दूरी पर है आग
सुपर हमराज कॉम्प्लेक्स के कपड़ा व्यापारी किशन चंद लालवानी ने बताया कि करीब 15 फीट की दूरी पर आग है। दीवारें पूरी तरह धधक रही हैं। थोड़ा माल निकाल पाए हैं। बाकी निकालने से रोक दिया गया है। उनका लाखों रुपए का माल पूरी तरह बर्बाद हो गया है।
व्यापारी के सामने जल रहीं दुकानें
हमराज कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में स्थित आस्था कलेक्शन के मालिक कमल लालवानी के सामने उनकी दुकान जलती रही। आंखों में गुस्सा और भविष्य की चिंता लिए वे बताते हैं कि आग बुझाने के इंतजाम प्रशासन के पास नहीं हैं।
अब आपको बताते हैं कि आग की वजह से मौजूदा हालात….
हमराज कॉम्प्लेक्स, एआर कॉम्प्लेक्स, मसूद कॉम्प्लेक्स और नफीस टॉवर पूरी तरह आग की जद में हैं। हमराज टॉवर के बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर के अगले हिस्से में आग लगी हुई है। पीछे की तरफ मार्केट का कुछ हिस्सा आग से बचा हुआ है। यहां व्यापारी अपना माल निकालने की जद्दोजहद में लगे हैं।
बगल के सुपर हमराज कॉम्प्लेक्स और अर्जुन टावर आग से बचे हैं। कॉम्प्लेक्स के पिछले हिस्से में सैकड़ों की संख्या में व्यापारी और उनके वर्कर जुटे हैं। जिसको दुकान में जैसे भी मौका मिल रहा है, माल निकालने में जुटा है। कोई टेंपों में माल लाद रहा है तो कोई हाथों से माल दौड़-दौड़कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है। वहीं बगल के कॉम्प्लेक्स में आग बुझाने में फायर टेंडर आग पर काबू पाने में जुटे हैं।
नेपाल तक कानपुर से जाता है कपड़ा
कपड़ा व्यापारी रविशंकर दुबे ने बताया कि लुधियाना, मद्रास, कलकत्ता, मुंबई से माल आता है। जबकि यूपी, बिहार, दिल्ली और नेपाल तक माल जाता है। ईद की वजह से बड़ी मात्रा में व्यापारियों ने माल जुटाया था। महिलाओं के कपड़ों के मामले में कानपुर यूपी का सबसे बड़ा हब है।
आग की जद में कॉम्प्लेक्स और दुकानें
कॉम्प्लेक्स |
दुकानें |
हमराज कॉम्प्लेक्स |
240 |
एआर कॉम्प्लेक्स |
160 |
मसूद कॉम्प्लेक्स |
140 |
नफीस टावर |
200 |
सुपर हमराज कॉम्प्लेक्स |
140 |
अर्जन कॉम्प्लेक्स |
60 |