धीरेंद्र शास्त्री बोले-हमारी गलती से मुक्त नहीं हुई श्रीकृष्ण जन्मभूमि:देवकी नंदन महाराज ने कहा- 5 दिन में जामा मस्जिद की सीढ़ियों में दबी मूर्तियां वापस करें
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री और कथावाचक देवकी नंदन महाराज बुधवार देर रात मथुरा पहुंचे। उन्होंने वृंदावन और बरसाना में संतों से मुलाकात की। गुरुवार को धीरेंद्र शास्त्री ने मीडिया से कहा, “हमारी गलती से मुक्त नहीं हुई श्रीकृष्ण जन्मभूमि। देर से ही सही पर जागे तो सही सनातनी। विशाल अभियान चलाकर अयोध्या की तरह ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराया जाएगा। भव्य व दिव्य रूप में नजर आएगी श्रीकृष्ण जन्मभूमि।”
कथा वाचक देवकी नंदन महाराज ने कहा, “औरंगजेब ने मंदिर को तोड़ कृष्ण की मूर्तियों को आगरा की जामा मस्जिद की सीढ़ियों के नीचे छिपाया था। भाईचारा की बात करने वाले लोग 5 दिन में आगरा की जामा मस्जिद के नीचे दबी श्रीकृष्ण की मूर्तियों को हिंदू समाज को वापस करें। 5 दिन का वक्त है। भाईचारे न निभाने पर आगरा में ही कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।”
धीरेंद्र शास्त्री ने ब्रज आने के सवाल पर कहा, “जीवन में जब भी खालीपन लगे ब्रज में आना चाहिए। हमें भी खालीपन लगा इसलिए ब्रज भ्रमण पर आए हैं। ब्रज आगमन पर संतो से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।”
सुदामा कुटी आश्रम में हुई अध्यात्म पर चर्चा
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार रात करीब 11 बजे वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित सुदामा कुटी आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने आश्रम के श्री महंत सुतीक्षण दास महाराज से मुलाकात की। करीब आधा घंटे तक चली मुलाकात के दौरान दोनों ने अध्यात्म पर चर्चा की।
बरसाना में विनोद बाबा से की मुलाकात
वृंदावन में संतों से मुलाकात के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बरसाना स्थित प्रिया कुंड पहुंचे। यहां विरक्त संत विनोद बाबा से आशीर्वाद लिया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने विनोद बाबा को साष्टांग प्रणाम किया। कुटिया पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर के पहुंचने पर विनोद बाबा ने उनको प्रसाद भेंट किया।
बरसाना प्रिया कुंड स्थित विरक्त संत विनोद बाबा की कुटिया पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री करीब 1 घंटे तक रहे। इस दौरान उन्होंने बाबा से ब्रज और राधा रानी के बारे में आध्यात्मिक चर्चा की। बाबा ने इस दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को आशीर्वाद दिया।
छतरपुर में लगता है धीरेंद्र शास्त्री का दरबार
बागेश्वर धाम सरकार से मशहूर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने प्रवचन के दौरान गद्दी लगाते हैं। हनुमान जी की कृपा से लोगों के दुख दर्द दूर करने का दावा करते हैं। धीरेंद्र शास्त्री मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में पड़ने वाले प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर हैं। उनके धाम में देश के कोने-कोने से श्रद्धालु जाते हैं और अपनी अर्जी लगाते हैं।
बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर और धर्म गुरु देवकी नंदन महाराज के साथ भोजपुरी अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे। ब्रज धाम की यात्रा पर आए बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर का दौरा बेहद गोपनीय रखा गया।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.