भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में कोर्ट ने सख्ती दिखाई है। कोर्ट ने मुकदमे के जांच अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने का आदेश दिया है। जांच में केस के सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल करने की बात कही है। परिवार के लोगों के उठाए बिंदुओं को भी जांच का हिस्सा बनाने के लिए कहा है। इसके साथ ही केस की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की है।
मां का आरोप- पुलिस ने मेरी तहरीर बदलवा दी
बुधवार को वकील शशांक शेखर त्रिपाठी ने आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे की ओर से ACJM प्रथम की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें मधु दुबे ने आरोप लगाया कि सारनाथ के एक होटल के कमरे में उनकी बेटी आकांक्षा की हत्या की गई।
सारनाथ थाने की पुलिस ने उनकी तहरीर को बदलवा कर हत्या की जगह आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। घटना के संबंध में उनका पूरा बयान नहीं दर्ज किया गया, उनका लिखित बयान भी दर्ज किया जाए। कोर्ट की निगरानी में जांच कराएं, क्योंकि पीड़ित पक्ष को थाने की विवेचना पर भरोसा नहीं है।
इसके बाद एसीजेएम प्रथम कोर्ट ने थानाध्यक्ष सारनाथ और मुकदमे की जांच कर रहे अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई का आदेश जारी किया। हालांकि इससे पहले मधु दुबे की अपील पर फास्ट ट्रैक कोर्ट जूनियर डिवीजन ने पुलिस से केस की प्रगति जानी थी।
वीडियो में समर सिंह को बताया था जिम्मेदार
आकांक्षा के पिछले दिनों सामने आए वीडियो ने समर सिंह को कठघरे में खड़ा कर दिया है। इसमें आकांक्षा समर सिंह से रिश्तों को लेकर नाखुश हैं और इसे अपनी गलती मान रही हैं। इसके अलावा समर पर धोखे का आरोप भी लगा रही हैं। उन्होंने अपने साथ होने वाली हर घटना के लिए गायक समर सिंह को जिम्मेदार ठहराया है।
वीडियो में वह रोते हुए कह रही हैं, “मुझे नहीं पता कि मैंने क्या गलती की है? बस नहीं रहूंगी इस दुनिया में। यह मेरी आप लोगों से लास्ट टॉकिंग है। अगर मुझे कुछ भी होता है, तो बस उसका जिम्मेदार समर सिंह है।” आकांक्षा के फॉलोवर की मानें, तो मौत से पहले आकांक्षा ने इसे अपने स्टेटस पर लगाया था।
नए वीडियो ने बदले सवाल और पड़ताल
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के बाद लगातार सामने आए वीडियो ने नए सवाल खड़े किए हैं। आकांक्षा के वीडियो मिलने के बाद उसकी मौत की गुत्थी को सुलझाने में जुटी पुलिस भी उलझ जा रही है। समर से पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों और गवाहों के बयान में जुटी पुलिस टीम ने सभी वीडियोज का अलग विवरण लिखा है।
आकांक्षा की प्रोफाइल, स्टेटस और इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड वीडियो की कैटेगरी तैयारी कर अंदरूनी मामला खंगाल रही है। अब फिर समर को रिमांड पर लेने की कवायद के बीच सभी वीडियो को जांच के दायरे में रखकर कड़ियां जोड़ रही है।
मौत का कारण अब तक पहेली
भोजपुरी अभिनेत्री की मौत का कारण दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद अब तक पहेली बना हुआ है। मौत के दिन होटल से लेकर मालीक्यूबार तक सामने आ रहे वीडियो भी नई कहानी सुना रहे हैं। चंद घंटे पहले की इन तमाम वीडियो में आकांक्षा पूरी तरह से नॉर्मल और खुश नजर आ रही हैं।
इसके कुछ देर बाद सुसाइड से पहले वह इंस्टाग्राम पर लाइव थीं। इसमें वह फूट-फूट कर रोती नजर आईं। लेकिन, मौत की वजह अब तक क्लियर नहीं है। सवाल उठ रहे हैं कि आकांक्षा किस दबाव में थी? ऐसा कदम क्यों उठाया? इन सवालों के जवाब एक महीने बाद भी नहीं मिले हैं।
समर से पूछताछ में नहीं मिले साक्ष्य
आकांक्षा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में समर सिंह और संजय सिंह जिला जेल में बंद हैं। पिछले दिनों पांच दिन के कस्टडी रिमांड में पुलिस ने समर सिंह से कई सवाल पूछे। पुलिस टीम के अनुसार, पूछताछ और कागजातों को खंगालने के बाद कई तथ्य सामने आए।
समर ने बताया कि आकांक्षा और समर ने भोजपुरी के 25 म्यूजिक एल्बम और एक फिल्म में साथ काम किया था। इसके लिए समर की ओर से आकांक्षा को नियमित भुगतान किया जाता था। पुलिस के अनुसार, ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है कि समर पर आकांक्षा का कोई बड़ा बकाया था।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.