उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की अवैध इमारतों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई जारी है। माफियाओं से लेकर कब्जा करने वालों पर बुलडोजर का कहर जारी है। अब समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर योगी सरकार का बुलडोजर चला है।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पार्टी को गिराने के बाद प्रदेश सरकार वहाँ कॉम्प्लेक्स बनवाएगी। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के गढ़ कहे जाने वाले मैनपुरी में पार्टी के पुराने कार्यालय को प्रशासन ने खाली करा लिया था। उसके बाद गुरुवार (29 सितंबर 2022) को उस गिरा दिया।
इस संबंध में समाजवादी पार्टी ने हाईकोर्ट में याचिका भी डाली है, लेकिन फिलहाल कोर्ट की तरफ से भी उसे कोई राहत नहीं मिली है। इसी बीच मैनपुरी प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर भवन को गिरा दिया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।
दरअसल, मैनपुरी के देवीनगर रोड पर बने सपा कार्यालय के लिए जिला पंचायत ने साल 2004 में भूमि आवंटित की थी। इसी बीच नगर सपा कार्यालय कहीं और बन गया। इसके बाद प्रशासन ने 9 सिंतबर को दो कमरों वाले सपा कार्यालय के भवन को एक नोटिस लगा दिया।
नोटिस में कहा गया कि कार्यालय अन्य जगह बन जाने के बाद इस लीज को रद्द कर दिया गया है। इसलिए इस जगह को खाली किया जाए। हालाँकि, सपाइयों ने इसे खाली नहीं किया। इसके बाद प्रशासन ने फोर्स लगाकर इसे खाली करा लिया और भवन में ताला लगा दिया।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ओपी सिंह का कहना है कि साल 1994 में इस जमीन को दस साल के लिए पट्टा दिया गया था। फिर इसे सपा कार्यालय के लिए 90 साल के लिए लीज पर दे दिया गया। तब पार्टी का नया कार्यालय नहीं बना था। अब कार्यालय दूसरी जगह बन गई है तो यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में नियमों का उल्लंघन किया गया है।
समाजवादी पार्टी का कार्यालय तोड़े जाने के बाद जिला पंचायत में इसका मलबा हटाने के लिए 3 लाख रुपए का टेंडर हुआ है। इस मलबे को 7 दिन के अंदर हटा दिया जाएगा। इसके बाद जिला पंचायत इस बेशकीमती जमीन पर कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराएगा।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.