लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रोज-रोज के विवाद के बाद पति ने पत्नी की हत्या कर सुसाइड कर लिया। युवक ने पहले पत्नी की बट्टे से कूचकर पत्नी की हत्या की और फिर फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के बेटे ने बताया कि मम्मी फोन पर किसी से बात करती थी, जिससे पापा नाराज थे। यह विवाद दो महीने से चल रहा था।
दो माह से चल रहा था विवाद
तालकटोरा के सरीपुरा केतन विहार में मंगलवार दोपहर 43 वर्षीय ठेकेदार कुलवंत सिंह ने सिलबट्टे से कूचकर 38 वर्षीय पत्नी पुष्पा की हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी पर झूल गया। दोपहर करीब 12 बजे जब बच्चे घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि पुष्पा किसी से फोन पर बात करती थी। इस बात को लेकर कुलवंत और पुष्पा के बीच करी दो माह से विवाद चल रहा था।
खून से लथपथ पड़ी थी मां और फांसी पर पिता
केतनविहार सरीपुरा में रहने वाले कुलवंत सिंह ठेके पर मकान का निर्माण कराते थे। मंगलवार सुबह उनके बेटे शरद और अनिरुद्ध दोनों कोचिंग गए थे। दोपहर करीब 12 बजे दोनों लौटे। दोनों मां को पुकारते हुए कमरे में पहुंचे तो देखा कि खून से लथपथ हालत में पुष्पा पड़ी हैं और पंखे से चादर के सहारे पिता का शव लटक रहा था। दोनों चीख-पुकार करते हुए बाहर भागे। मोहल्ले वालों की भीड़ जुट गई।
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
तालकटोरा इंस्पेक्टर रीकेश कुमार सिंह और अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। दोनों को ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां, डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि सिलबट्टे से सिर और चेहरे के पास ताबड़तोड़ प्रहार कर पुष्पा की हत्या की गई है। उसके बाद कुलवंत ने फांसी लगा ली। मौके से कोई सुसाइडनोट नहीं मिला है। कुलवंत का बेटा शरद 17 साल और अनिरुद्ध 13 साल का है।
पापा-मम्मी में होता था झगड़ा
शरद ने बताया कि उसकी मां किसी से फोन पर बात करती थीं। इस बात को लेकर पापा नाराज रहते थे। इसको लेकर पापा और मम्मी में अकसर झगड़ा होता था। दो माह से उनके बीच विवाद चल रहा था। सुबह दोनों कोचिंग के लिए गए थे। आशंका है पापा और मम्मी में फिर झगड़ा हुआ। इसके बाद पापा ने मम्मी की हत्या कर दी और खुद फांसी लगा ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि अन्य बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.