दिल्ली में इंस्टाग्राम रील पर आपत्तिजनक कमेंट करने से नाराज एक नाबालिग लड़की ने दो दोस्तों की हत्या करवा दी। उसने दोनों को फोन करके चैलेंज किया कि हिम्मत है तो गली में आकर बता। वे पहुंचे तो लड़की के भाई और दो दोस्तों ने चाकू घोंपकर उनकी हत्या कर दी। सभी आरोपी नाबालिग हैं।
यह वारदात बुधवार रात दिल्ली के बाहरी इलाके में हुई। मामला अब सामने आया है। मारे गए लड़कों की पहचान गाजियाबाद के निखिल (28) और दिल्ली के साहिल पांडे (18) के रूप में हुई है। डीसीपी देवेश महला ने बताया कि लड़की, उसके भाई और दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले हाथापाई हुई, फिर चाकू चले
निखिल और साहिल मौके पर पहुंचे तो पहले लड़की के भाई और उसके दोस्तों से उनकी हाथापाई हुई। फिर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। साहिल ने अपने कुछ दोस्तों दूर खड़ा कर दिया था। जैसे ही उन्होंने चाकू लगते देखा तो वे घटनास्थल की तरफ दौड़े। तब तक आरोपी भाग चुके थे। निखिल और साहिल को उनके दोस्त अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
साहिल के घर के पास ही रहती है आरोपी लड़की
निखिल दिल्ली की आजादपुर मंडी में लोडिंग ऑटो चलाता था। साहिल भी इसी मंडी में काम करता था। दोनों इंस्टाग्राम यूजर थे और फैन फॉलोइंग अच्छी-खासी थी। साहिल के घर से सिर्फ 500 मीटर दूरी पर ही 16 साल की लड़की रहती है। वो भी इंस्टाग्राम यूजर है। इस लड़की को रील्स बनाने का शौक है।
पहले लड़की से दोस्ती थी, फिर हो गई दुश्मनी
साहिल और ये लड़की कभी अच्छे दोस्त हुआ करते थे। बाद में किसी बात पर दोनों में दुश्मनी हो गई। इसके बाद इन दोनों के बीच इंस्टाग्राम के फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ शुरू हो गई। इसी बीच साहिल और निखिल ने लड़की की रील्स पर कुछ आपत्तिजनक कमेंट्स कर दिए थे। ये विवाद करीब दो महीने से शुरू हुआ था।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.