यूपी में मछुआरा समाज के बच्चों की अच्छी पढ़ाई के लिए सरकार हर मंडल में आवासीय स्कूल खोलेगी। मत्स्य पालन मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने शनिवार को वाराणसी में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हर मंडल में आवासीय विद्यालय बनाने का निर्णय़ लिया जा रहा है। पीएम मोदी मछुआरा समाज की तन, मन और धन से सेवा कर रहे हैं। समाज, 2024 में भी मोदी जी का साथ निभाएगा।
डा.संजय निषाद ने कहा कि मछुआरे अब उपेक्षित नहीं होंगे। उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा। इसके लिए चंदौली में अल्ट्रा मॉडल मछली बाजार विकसित करने का काम हो रहा। बनारस को फिशरीज हब बनाकर पूरे देश के लिए मॉडल बनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने मछुआरों को केवल वोट बैंक समझा। अब उनके जाल में नहीं फंसना है। भाजपा सरकार ने जो वादा किया वह निभाया। यह समुदाय केवल मछली मारने तक सीमित रह गया था। समुदाय को उनके अधिकारों के प्रति जगाने का काम केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। उन्होंने मछुआरों को सशक्त करने के लिए पीएम सम्पदा योजना शुरू की। बजट में 20 हजार करोड़ रुपये का बजट दिया। अमृत सरोवर के आह्वान से तालाबों की खुदाई कर मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। मछुआरा समाज को विकसित करने के लिए केवल पीएम मोदी ने सोचा है। उनके न केवल आजीविका बल्कि जीविका के लिए भी ध्यान दिया जा रहा है।
मछुआरों के लिए बीमा के साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड की तर्ज पर 1 लाख 60 हजार का लोन की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में संपदा योजना को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार ने 25 प्रकार की योजनाओं से 16 हजार व्यक्तियों को लाभान्वित कर रही है। मछुआरा समाज के बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए हर मंडल में आवासीय विद्यालय बनाये जाना का निर्णय़ लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह मछुवारा समाज के लिए पीएम ने तन, मन और धन से सेवा कर रहे हैं, 2024 में भी मोदी जी के साथ मछुआरा समाज उसी तरह उनके साथ रहेगा। समाज के साथ हुई बैठक में सभी को यह संदेश दिया गया है। साथ ही सभी को अगले चुनाव में अभी लग जाने के लिए कहा गया है। इसके पूर्व निषाद पार्टी के अध्यक्ष ने पार्टी और समाज के लोगों के साथ बैठक कर चुनाव पर रणनीति बनाई। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वह लखनऊ को रवाना होंगे।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.