नगर निगम सफाई कर्मियों का 40 लाख रुपए का बीमा कराएगा और उनके बच्चों को लाइब्रेरी से किताबें मुफ्त उपलब्ध कराएगा। रविवार को नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने नगर निगम मुख्यालय में आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान दिवस समारोह में यह ऐलान किया। इस वर्ष बेहतर काम करने वाले सफाई कर्मियों को सम्मानित करते हुए नगर आयुक्त और महापौर ने सफाई कर्मियों और सफाई व्यवस्था से जुड़े अफसरों को प्रेरित किया। साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए एक बार फिर तैयारी शुरू कर दी। सम्मानित होने वाले उत्साहित कर्मचारियों ने कहा कि इस बार वह और मेहनत करेंगे। नगर निगम को स्वच्छता रैंकिंग में टॉप-10 में लाएंगे।
नगर निगम मुख्यालय स्थित त्रिलोकनाथ हॉल में आयोजित समारोह में महापौर संयुक्ता भाटिया, नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। नगर निगम, सीवर की सफाई करने वाली सुएज इण्डिया के 50-50 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कूड़ा प्रबंधन और घर-घर से उठाने वाली ईको ग्रीन कम्पनी के एक भी कर्मचारी को सम्मान नहीं मिला, क्योंकि इसी कंपनी की वजह से नगर निगम की साख पर बट्टा लगा। अफसरों ने कहा कि आज से पुनः स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता रैकिंग का काम शुरू हो गया है। इस रैकिंग के दौरान पिछले वर्ष की कमियां खोज कर दूर किया जायेगा। नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि सभी कर्मचारियों का ईपीएफ, भविष्य निधि खाता होगा। सभी का पूरा बकाया वेतन दिया जाएगा। कुछ बैंकों से बात चल रही है। राष्ट्रीयकृत बैंको में खाते खोले जाएंगे। 40 लाख का मुफ्त बीमा कराने का प्रयास किया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों के बच्चों के लिए मुफ्त पुस्तकें नगर निगम की लाइब्रेरी से दी जाएंगी। सम्मानित होने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र के अलावा, ग्लब्स, मास्क, एप्रन, कैप समेत पूरी सुरक्षा किट दी गयी।
नगर विकास मंत्री ने निदेशालय में किया सम्मान
गोमती नगर विस्तार स्थित नगरीय निकाय निदेशालय में भी सफाई मित्र सुरक्षा और सम्मान दिवस कार्यक्रम हुआ। इसमें नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 की तैयारी के क्रम में सफाई मित्रों को प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया। शहर के आठ जोनों में सीवर सफाई करने वाली सुएज़ इंडिया के सराहनीय कार्य करने वाले सीवर सफाई मित्रों को मंत्री ने सम्मानित किया। सीवर नेटवर्क के सफाई कर्मियों में सुपरवाइजर अरविन्द पाल, सफाई कर्मी सुरेन्द्र, सहायक ओमप्रकाश वाल्मीकि, सुपरवाइजर अवधेश, सहायक जितेन्दर, सुपरवाइजर महेन्द्र, सरवन, अनुज राज, सनी, रवि सम्मानित किए गए।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.