मेरठ: में पुलिस ने शादियों में घुसकर चोरी करने वाली MP की महिला गैंग को पकड़ा है। ये महिलाएं महंगे कपड़े पहनकर, महंगा मेकअप लगाकर बड़ी-बड़ी शादियों में जाती थी। धीरे से जेवर और महंगी चीजें चुराकर रफू-चक्कर हो जाती थी। पिछले 1 साल से ये गैंग शादियों में चोरी कर रहा था। मेरठ के थाना कंकरखेड़ा पुलिस ने ऐसी 3 महिलाओं को पकड़ा है। तीनों महिलाओं ने पूछताछ में अपना पता मध्य प्रदेश का राजगढ़ जिला बताया है।
स्टाइल, महंगे कपड़े देखकर खा जाते थे धोखा
पुलिस की पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वो शादियों में स्टाइलिश ड्रेस पहनकर एंट्री करती थी। इनके ज्वेलरी, कपड़े देखकर कोई भी इन पर शक नहीं करता। कभी वधू पक्ष से कभी वर पक्ष से खुद को बताकर शादियों में एंट्री लेती। पहले दावत उड़ाती और मौका देखकर जेवर और दूसरे कीमती सामान उड़ा लेती।
पकड़ी जाने वाली महिलाएं
पुलिस ने जिन तीन महिलाओं को पकड़ा है, उसमें रानो निवासी गुलखेड़ी राजगढ़ मध्यप्रदेश, अक्षिता निवासी गुलखेड़ी, मनीषा निवासी गुलखेड़ी हैं। पुलिस को तीनों महिलाओं के पास से चोरी किए रुपए और सामान मिले हैं।
देवोत्थान एकादशी पर थी फुलप्रूफ प्लानिंग
देवोत्थान एकादशी को यह गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ गया। देवोत्थान एकादशी पर शादियों का अबूझ मुहूर्त होता है। शहर में 1 हजार से ज्यादा शादियां थीं। बाईपास के सभी विवाह मंडपों सहित होटल बुक थे। ऐसे मुहूर्त इस लुटेरी गैंग के लिए सबसे अच्छे होते हैं। तीनों महिलाएं चोरी के इरादे से घूम रही थी। तभी सूचना पर कंकरखेड़ा पुलिस पहुंची और इन्हें पकड़ा। महिलाओं के पास चोरी का सामान, रुपए भी मिले।
एक साल से चोरी कर रही हैं
सीओ दौराला अभिषेक पटेल ने बताया कि 3 महिलाएं थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र खिर्वा रोड ग्रैंड ओपेरा मंडप के पास संदिग्ध रूप से घूमती मिली। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस के साथ वहां पहुंचे। महिलाओं को पकड़ा, पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि महंगे कपड़े पहनकर शादियों में घुसती थी। वर-वधू पक्ष से खुद को बताकर शादियों में चोरी करती थी। तीनों महिलाएं MP के राजगढ़ की रहने वाली हैं। पुलिस पहले से इनकी तलाश में थी। थाना कंकरखेड़ा में पहले से इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पूछताछ में बताया कि एक साल से ये काम कर रही हैं।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.