बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर में 29 जून यानी करीब 4 महीने पहले 23 साल की लड़की की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। चंदौसी रेलवे स्टेशन पहुंची ट्रेन के दिव्यांग कोच में लड़की का शव मिला था। रेप और मर्डर में बरेली GRP के सिपाही समेत 4 लोग शामिल थे। इन चारों को 4 नवंबर को GRP ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था। सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया था। आज यानी सोमवार को चारों आरोपियों की चंदौसी सीजेएम के यहां पेश किया गया। कोर्ट ने चारों आरोपियों के DNA सैंपल लेने की मंजूरी दे दी है।
SP जीआरपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के वक्त रेप की आशंका में युवती की स्लाइड तैयार की गई थी। स्लाइड जांच में रेप की पुष्टि हुई है। पुलिस ने हत्या के साथ गैंगरेप की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। शुरू में लड़की की हत्या का मुकदमा चंदौसी GRP ने अज्ञात में दर्ज किया था। लेकिन, CDR और परिवार के शक के आधार पर वारदात में शामिल GRP सिपाही और अन्य 3 आरोपियों तक पुलिस पहुंच पाई।
GRP सिपाही के साथ लड़की का अफेयर था
जिन 4 आरोपियों पर केस दर्ज हुआ है, उनमें बरेली GRP के सिपाही नीरज कुमार, बरेली की निजी कंपनी में काम करने वाले शाहजहांपुर निवासी एसआर राजपूत उर्फ शीशराम, अलीगढ़ के अवधेश कुमार और बरेली के कारपेंटर इश्तियाक अहमद हैं। जांच में पता चला कि लड़की का अफेयर GRP सिपाही नीरज से चल रहा था। एसआर राजपूत पर शक जताते हुए परिवार ने हत्या का केस दर्ज कराया।
दो आरोपी लड़की के साथ उसी कंपनी में काम करते थे
अलीगढ़ के एक गांव में 23 साल की लड़की रहती थी। उसके पिता मजदूरी करते हैं। लड़की बरेली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी। वह बरेली में रहती थी और अक्सर ट्रेन से अलीगढ़ आती-जाती थी। उसके साथ ही एसआर राजपूत और अवधेश भी उसी कंपनी में नौकरी करते थे। एसआर राजपूत भी अलीगढ़ का रहने वाला है। बरेली का रहने वाला इश्तियाक भी लड़की का दोस्त था। वह कारपेंटर का काम करता है। 29 जून को भी ड्यूटी पूरी होने के बाद लड़की बरेली जा रही थी।
ट्रेन बरेली से चली और फिर चंदौसी स्टेशन पर रुकी। वहां पर कुछ महिलाएं दिव्यांग कोच का गेट खोल कर अंदर जाने लगीं। अंदर जाते ही उनकी चीख निकल पड़ी। कारण यह कि पूरा कोच खाली था और एक लड़की बेहोश पड़ी थी। महिलाओं का शोर सुनकर GRP मौके पर पहुंची। साथ ही डॉक्टरों को भी बुलाया गया। डॉक्टरों ने जांच की, तो पता चला कि लड़की की मौत हो गई है।
परिजनों ने जताया था एसआर राजपूत पर शक
इस घटना की सूचना लड़की के परिजनों को दी गई। बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों ने पहले एसआर राजपूत सहित अन्य पर शक जताते हुए तहरीर दी थी। इसके बाद CDR के आधार पर बरेली GRP के सिपाही नीरज कुमार, बरेली की प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले शाहजहांपुर निवासी एसआर राजपूत उर्फ शीशराम, अलीगढ़ के अवधेश कुमार और इश्तियाक अहमद को आरोपी बनाया गया था।
DNA जांच से स्लाइड सैंपल मैच कराए जाएंगे
SP जीआरपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि CDR के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया है। स्लाइड में सीमन मिले हैं। लड़की के साथ रेप के आरोपियों की पहचान करने के लिए DNA जांच कराई जाएगी। जांच के लिए चारों आरोपियों का सैंपल लिया जाएगा।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.