कानपुर: दिल्ली हावड़ा रेल लाइन के झींझक स्टेशन पर आज सुबह एक रेलवे कर्मचारी के साथ बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक स्टेशन से एक लोहे का पाइप लेकर गुजर रहा रेलवे कर्मचारी ओएचई लाइन की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद ऊधमपुर एक्सप्रेस को रोककर कर्मचारी को आनन-फानन में कानपुर भेजा गया। डेरापुर के बड़ागांव निवासी संतोष पाल रेलवे के एसएनटी में कर्मचारी हैं।
बताया गया कि गुरुवार सुबह ड्यूटी के दौरान संतोष किसी काम से एक लोहे का पाइप लेकर स्टेशन से गुजर रहा था। डाउन लूप पर मालगाड़ी खड़ी थी, वह इसके बीच निकलने लगा। तभी पाइप ऊपर से निकली ओएचई से छू गया। करंट लगने से वह गंभीर रुप से झुलस गया। कर्मचारी के झुलसने से स्टेशन पर हड़कंप मच गया।
कर्मचारी को तत्काल इलाज के लिए भेजने की कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। इस पर कानपुर की ओर जा रही ऊधमपुर एक्सप्रेस को रोक लिया गया। ये ट्रेन 9 बजे रुकी और 9 बजकर दो मिनट पर रवाना हो गई। नान स्टॉप ट्रेन यहां रोके जाने पर उसमें सवार यात्री वजह जानने के लिए परेशान दिखे। हालांकि घायल को बैठाने के बाद ही ट्रेन स्टेशन से रवाना हो गई।
कर्मचारी को इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने बताया कि अगर कर्मचारी फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करता तो हादसा न होता। शॉर्टकट और जल्दबाजी में उसकी जान पर बन आई है।