कानपुर में 6 साल की मासूम से दरिंदगी की गई। आरोपी युवक बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने पहले खेत में ले गया। फिर वहां उसने बच्ची से रेप किया। इतना ही नहीं, चिल्लाने पर उसने दांत से बच्ची के चेहरे पर काट लिया। घटना के बाद किसी तरह घर पहुंची बच्ची ने परिजनों को इस बारे में बताया। इसके बाद मां उसको लेकर थाने पहुंची। घटना जिले के बिल्हौर इलाके की है।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बाबा के घर से लौट रही थी बच्ची
बच्ची की मां ने बताया, “मेरे पति की 2 साल पहले मौत हो चुकी है। गांव में मेरे 2 मकान हैं। एक मकान में मेरे ससुर रहते हैं, जबकि दूसरे में मैं अपनी 2 बेटियों के साथ रहती हूं। गुरुवार शाम को छोटी बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान शाम को 5:30 बजे वह बाबा से मिलने के लिए दूसरे मकान पर चली गई। इसके बाद वह वहां से अकेले ही लौट रही थी। रास्ते में उसे गांव का ही विजय बहादुर मिल गया। उसने बच्ची को रोक लिया। फिर उससे इधर-उधर की बात करने लगा। इसके बाद उसने बच्ची को टॉफी दिलाने का लालच दिया। इस पर बच्ची उसके साथ चली गई। इसी बहाने वह बच्ची को घर से 80 मीटर दूर एक खेत में ले गया। वहां उसके साथ रेप किया।”
चेहरे पर लगा था मिट्टी और खून
घरवालों ने बताया, ” शाम को 6:30 बजे बच्ची घर लौटी, तो उसके चेहरे पर मिट्टी और खून लगा हुआ था। वह जोर-जोर से रो रही थी। बच्ची ने हम लोगों को बताया कि विजय बहादुर ने उसके साथ गंदा काम किया है। उसने शोर मचाने की कोशिश की, तो दांत से उसके चेहरे पर काट लिया। मुझे खेत पर छोड़कर बाग़ गया।”
पुलिस ने बच्ची को उपचार के लिए CHC भिजवाया। मगर, तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसको कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया।
नशा करता है आरोपी
स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी विजय बहादुर 40 साल का है। उसकी शादी नहीं हुई है। उसके पिता नहीं हैं। वह मां और भाई के साथ रहता है। उसका भाई खेती करता है। विजय बहादुर नशे का आदी है। गांव में और आसपास के इलाकों में वह छोटे-मोटे काम करता है। इसके बदले जो भी रुपए उसे मिलते हैं। उनसे वह नशा खरीद लेता है। उसकी हरकतें ठीक नहीं रहती हैं।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.