उन्नाव में दलित छात्रा के प्रेमी ने ही दरिंदगी के बाद उसकी हत्या कर दी। दोनों का करीब 2 साल से अफेयर चल रहा था। आरोपी छात्रा के घर पहले भी आता-जाता रहा है। इस वारदात से पहले भी दोनों की चैट पर बातचीत हुई थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने खुद पुलिस के सामने यह सब कबूल किया है।
हालांकि, डॉक्टर के मुताबिक छात्रा के अंदरूनी हिस्से में गहरी चोटें आई हैं। इससे उसके शरीर से बहुत खून बहा है। अधिक खून बहने से ही उसकी मौत हुई है। यह बात प्रेमी के कबूलनामे पर सवाल उठाता है।
पुलिस ने इस घटना के आरोपी को रविवार सुबह गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया है। प्रेमी को रेप और हत्या के आरोप में जेल भेजा गया है। बता दें आरोपी राज गौतम की उम्र 25 साल है। वह एक प्राइवेट स्कूल में टीचर है। इसी का नाम प्रेमिका की छाती पर भी लिखा मिला था। मामला उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है।
छोटी बहन के आने से पहले मैं घर से भाग गया
पुलिस के सामने अपना अपराध कबूल करते हुए राज गौतम ने बताया, “गुरुवार को हम दोनों की चैट पर बात हो रही थी। मैंने पहले उसका हालचाल जाना। उसके बाद घर आने के लिए पूछा। पहले तो वह मना कर रही थी। उसके बाद मान गई। मेरी प्रेमिका उस दिन कॉलेज नहीं जा रही थी।”
“11:10 बजे उसने मैसेज करके आने के बारे में पूछा। 11:32 पर मैंने उसको मैसेज किया कि मैं घर से निकल गया हूं। 11:37 पर मैं उसके घर पहुंच गया था। उसके बाद मैं उसके घर से 1 बजे भागा हूं। करीब डेढ़ घंटे मैं अपनी प्रेमिका के साथ रहा था। उस बीच जो कुछ भी हुआ, उसी में उसकी जान चली गई।”
कहा- संबंध बनाने से पहले मैंने गोली खाई
प्रेमी ने कबूला, ”मैं अपने साथ शक्तिवर्धक दवा लेकर गया था। संबंध बनाने से पहले मैंने 2 गोली खा ली थी। उसने मुझे रोका, लेकिन दवा खाने के कारण मैंने उसकी एक नहीं सुनी। मैं उसके साथ जबरदस्ती करता रहा। वह परेशान थी, लेकिन उस समय मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था।”
”कुछ देर बाद वह बेहोश होने लगी। उसके बहुत खून बह रहा था। मैं उसको इस हालत में देखकर डर गया। वह मुझसे मदद मांग रही थी, लेकिन मैं वहां से आने लगा। मेरे पीछे आते-आते वह आंगन में गिर गई। उसके बाद मैं वहां से भाग गया, क्योंकि उसकी छोटी बहन के आने का समय हो रहा था। बाद में मुझे पता चला कि वह मर गई है।”
पुलिस का कहना है, “आरोपी के फोन से और भी लड़कियों के चैट मिले हैं। जिससे वह इसी तरह से बातें करता रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक अपने से 6-7 साल छोटी लड़कियों को ही टारगेट करता है। उनको अपने प्रेम जाल में फंसाता है।”
घटना के बाद छोटी बहन सबसे पहले पहुंची घर
लड़की की छोटी बहन ने बताया, “मैं करीब 2 बजे घर पहुंची, तो देखा कि पीछे का दरवाजा खुला हुआ है। मुझे अंदर किसी के होने का शक हुआ, तो दबे पांव जाने लगी। घर के अंदर झांका, तो देखा बड़ी बहन आंगन में पड़ी हुई थी। पास गई, तो उसके शरीर पर बहुत खून लगा था। शरीर पर कपड़े भी नहीं थे। उसके प्राइवेट पार्ट से खून निकल रहा था। शरीर पर हल्के चोट के निशान थे। बेडशीट खून से सनी हुई थी।”
पहले मैंने दीदी के शरीर को एक कपड़े से ढका। उसके बाद मम्मी को फोन किया। पापा को भी इस बारे में बताया। मेरे रोने की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर आ गए। उन्हीं लोगों ने पुलिस को बुलाया था। थोड़ी देर में मम्मी-पापा और पुलिस आ गई। वे लोग दीदी को उठाकर ले गए। बाथरूम में दीदी के कपड़े पड़े हुए थे, वो भी पुलिस साथ ले गई।”
मां का आरोप- मेरी बेटी के साथ गैंगरेप हुआ है
वहीं लड़की की मां का कहना है, “पुलिस जो थ्योरी समझा रही है, मैं उससे संतुष्ट नहीं हूं। मेरी बेटी की इतनी बुरी हालत किसी एक ने नहीं की है। उसके साथ गैंगरेप किया गया है। इसमें गांव के लोग भी शामिल हैं। उन लोगों ने भी मेरी बेटी को नहीं बचाया। मेरी बेटी के साथ पहले गैंगरेप किया गया। उसके बाद उसके प्राइवेट पार्ट में सरिया और चाकू भी डाला गया है। उसके शरीर से इतना खून बहा था कि पूरा आंगन लाल था।”
“मेरी बेटी का किसी के साथ कोई अफेयर नहीं था। वह तो बहुत अच्छी थी। पढ़-लिखकर अफसर बनने का सपना देखती थी। लेकिन उसके सपनों को इन दरिंदों ने खत्म कर दिया। मेरी बेटी के आरोपियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उनको भी ऐसे तड़पा-तड़पा कर मारा जाए।”
कठोर चीज डालने से गंभीर चोट आई है
छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम करने वाली डॉक्टरों की टीम ने बताया था कि छात्रा के साथ रेप की वारदात हुई है। उसके बाद कोई कठोर चीज उसके प्राइवेट पार्ट में डालने से गंभीर चोट पहुंची है। ऐसा करने से पीड़िता को अंदरूनी चोट आई है। उसका बहुत खून बहा है। उसके शरीर से लगभग 2 लीटर खून बहा है। आगे की जांच के लिए छात्रा के शव से होंठ, स्तन और नाखून के सैंपल लिए गए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा ने बताया, “युवक-युवती एक दूसरे को पहले से जानते थे। मौके से फोन बरामद किया गया था। युवक का फोन भी जब्त किया गया। दोनों की चैट भी सामने आई है। हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसको जेल भी भेज दिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिवार की भी हर संभव मदद की जाएगी।”