अनिल शर्मा+ संजय श्रीवास्तव
हिंदुस्थान समाचार के कार्यक्रम में विरासत और विकास पर विमर्श
झांसी। औद्योगिक विकास और संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि सन् २०१७के बाद बुंदेलखंड क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हुआ। पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की सरकारें बुंदेलखंड के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। वे शुक्रवार को हिंदुस्थान समाचार समूह के तत्वावधान में गांधी सभागार में आयोजित पंच प्रण कार्यक्रम में जुटे लोगों को संबोधित कर रहे थे। राज्यमंत्री सैनी ने कहा कि पहले बुंदेलखंड क्षेत्र जल समस्या से कराहता था लेकिन भाजपा सरकार ने जल समस्या को दूर करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से क्षेत्र का विकास तीव्र होगा। डिफेंस कारिडोर से भी क्षेत्र के लोगों को रोजगार मिलेगा। सैनी ने कहा कि हमें अपनी विरासत पर गर्व करते हुए आगे बढ़ना है। देश में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सर्वांगीण विकास के लिए दिन रात काम जारी है। आज पूरी दुनिया देश और प्रदेश के माहौल में आए सार्थक बदलाव को महसूस कर रही है। यह कार्यक्रम हिंदुस्थान समाचार समूह के 75वें वर्ष में प्रवेश करने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। यह एजेंसी १४ भाषाओं में समाचार का वितरण करती है। आरंभ में झांसी के स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से संबंधित मनमोहक नृत्य नाटिका पेश कर लोगों की वाहवाही बटोरी। गांधी सभागार सुभद्रा कुमारी चौहान की रचना खूब लड़ी मर्दानी वो तो झांसी वाली रानी कविता से गूंज उठी। हिंदुस्थान के प्रतिनिधियों राजेश तिवारी और महेश पटैरिया ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद सैनी ने युगवार्ता के विशेष अंक का लोकार्पण किया। बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास में विशेष भूमिका निभाने वाली महिलाओं अदिति राकेश, डा विश्व प्रभा त्रिपाठी, श्रीमती सुशीला देवी, कुंजल सेठ, शिवानी बुंदेला,निधि नागर, तैराक जिया यादव,डा. नंदिता पाठक, मुक्ता सोनी, डा. रचना गुप्ता, डा रेखा त्रिपाठी को विकास मित्र का सम्मान दिया गया। शुरुआत में शंख ध्वनि और मंत्री व श्लोकों के उच्चारण के बीच अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण की रस्म अदा की। सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो मुकेश पाण्डेय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। प्रो पाण्डेय ने कहा कि जो देश अपनी संस्कृति या सभ्यता का संरक्षण और विकास नहीं कर पाते हैं वे समाप्त हो जाते हैं। बुंदेलखंड की अपनी अलग पहचान है। इस क्षेत्र की संस्कृति बड़ी समृद्ध रही है। उन्होंने ऐसी माटी न दुनिया के खंड खंड में जन्म दियो विधाता बुंदेलखंड में का उल्लेख कर क्षेत्र के महत्व को रेखांकित किया। इस क्षेत्र की विरासत भी समृद्ध रही। रानी लक्ष्मीबाई का उल्लेख कर इसकी विरासत के महत्व को बताया। क्षेत्र में प्रस्तावित डिफेंस कारिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे विकास की गति तीव्र होगी। यूपी की नई पर्यटन नीति से भी अर्थव्यवस्था में विस्तार की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किलों के पुनरोद्धार से भी युवाओं को रोजगार मिलेगा। भारत आज बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। यूके को पछाड़कर दुनिया में पांचवें स्थान पर आ गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि झांसी का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चमकेगा। इस कार्यक्रम में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो राजाराम यादव ने बुविवि के कुलपति प्रो मुकेश पाण्डेय को ग्लोबल इन्नोवेशन लीडरशिप अवार्ड प्रदान किया। उनकी जमकर सराहना भी की। साथ ही बुविवि की मासिक पत्रिका संचारिका का विमोचन भी किया। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के रिसर्च मेथडोलाजी कोर्स की पत्रिका का भी विमोचन किया। प्रोफेसर यादव ने कहा कि हिंदुस्थान समाचार समूह से हमारा नाता पुराना है। यह सौभाग्य की बात है कि हम बुंदेलखंड क्षेत्र के ही मूल निवासी हैं। प्रो यादव ने रानी लक्ष्मीबाई की नाटिका पेश करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की। उन्हें नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की असली विरासत कला और आध्यात्मिकता है। उन्होंने कहा कि वे बड़े कलासाधकों को युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए सहमत करेंगे। उन्होंने भावनाओं को पोषित और उद्वेलित करने में संगीत की भूमिका का रेखांकन किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए हमें हमें कला को प्रोत्साहित करना होगा। चित्रकूट की विशिष्टताओं का उल्लेख किया। बुंदेलखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं। अब जरूरत है सभी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की है। विशिष्ट अतिथि महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने कहा वीरों की धरती पर आकर गर्व का अनुभव कर रही हूं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड और रानी लक्ष्मीबाई अपने शौर्य के लिए पूरी दुनिया में विख्यात है। हम सभी से आग्रह करेंगे कि अपनी शक्ति के अधिकतम सदुपयोग का संकल्प लें। हमें रानी लक्ष्मीबाई के आदर्श से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। हर बेटी को न डरने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे बुंदेलखंड का नाम विकास के लिहाज से अग्रणी होगी। उन्होंने महिला कल्याण और बाल विकास की योजनाओं के प्रभावी संचालन पर भी जोर दिया। उन्होंने बालिकाओं से अपने लिए उचित कैरियर का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हिंदुस्थान समाचार समूह के अध्यक्ष एबी मार्डीकर ने झांसी की पवित्र भूमि का वंदन करते हुए सभी साथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि कुशीनगर और झांसी का कार्यक्रम विशेष रहा। कुलपति प्रो मुकेश पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने हिंदुस्थान समाचार सेवा के उद्देश्य और सफ़र को रेखांकित किया। इस कार्यक्रम में गरौठा क्षेत्र के विधायक जवाहरलाल राजपूत, एम एल सी रमा निरंजन, बीकेडी के पूर्व प्राचार्य प्रो,बाबू लाल तिवारी, महापौर राम तीर्थ सिंघल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र अग्निहोत्री, जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान के समन्वयक डा जय सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं शिक्षक उमेश शुक्ल, वरिष्ठ पत्रकार रामसेवक अड़जरिया, अनिल शर्मा, मुदित चिरवारिया, डा कौशल त्रिपाठी, ऋतिक पटेल श्रीकांत शर्मा विकास गुप्ता ॠषभ दुवेदी समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रेम नारायण द्विवेदी और अनुपम व्यास ने बारी बारी किया।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.