यंग भारत ब्यूरो
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पति पत्नी के पावन रिश्ते को कलंकित करते हुए एक आदमी ने अमानवीय हरकत कर डाली। पत्नी के बार-बार मायके जाने से नाराज एक पति ने क्रूरता की हद पार करते हुए उसकी एक आंख ही निकाल दी। घटना 14 अगस्त को घटित हुई।
आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज
महिला को उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कालेज लाया गया तब इसका पता चला। पुलिस ने आरोपित पति के विरूद्ध हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से पति फरार है। आरोपित पति देवप्रसाद घटना की रात शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा व पत्नी मनमति से विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि पहले तो उसने मनमति की पिटाई की और फिर दाहिनी आंख में उंगली घुसेड़ दी।
क्रूरता की सारी हदें की पार
आरोपित पति देवप्रसाद का मन इतने से नहीं भरा तो उसने धारदार हथियार से पत्नी की आंख बाहर निकाल दी। महिला की सास व देवर ने उसे उदयपुर अस्पताल में दाखिल कराया। वहां से बाद में महिला को अंबिकापुर लाया गया। डाक्टरों ने बताया कि महिला की आईबाल गायब है। आशंका जताई गई है कि पति ने उसकी आईबाल को जला दिया होगा। घर में भी आईबाल नहीं मिली थी।
मेडिकल कालेज में नेत्र रोग विशेषज्ञ डा प्रियंका गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अपने चिकित्सकीय जीवन में कभी भी आंख के ऐसे मरीज को नहीं देखा था। आंख निकालना आसान नहीं होता है। इतनी बड़ी घटना कैसे हुई यह जांच का विषय है। फिलहाल महिला को सामान्य उपचार देकर छुट्टी दे दी गई है।