वाराणसी के एक पावरलूम में चोरी करने घुस रहे युवक की दरवाजे पर ही मौत हो गई। चोर का सिर पावरलूम के दरवाजे के अंदर और बाकी शरीर बाहर रह गया था। वह दरवाजे में इस कदर फंसा कि न तो अंदर घुस पाया और न ही बाहर निकल पाया। उसने फंसे रहते ही तड़प कर दम तोड़ दिया। सुबह लोगों ने जब उसे दरवाजे से चिपका देखा, तो शोर मचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
मामला सारनाथ थाना क्षेत्र के दानियालपुर स्थित ताड़ीखाना का है।
चोरी की नीयत से पावरलूम में घुस रहा था
दानियालपुर में 22 साल का जावेद अपनी पत्नी तरन्नुम के साथ रहता था। उसने चोरी को अपना पेशा बना रखा था। कई बार वह छोटी-मोटी चोरी करते पकड़ा भी गया था। शनिवार रात भी वह चोरी की नीयत से एक पावरलूम में घुस रहा था। जब जावेद अंदर घुस रहा था, तभी दरवाजे में उसकी गर्दन फंस गई। उसने काफी कोशिश की, लेकिन गर्दन निकल नहीं पाई। थोड़ी देर बाद उसका दम घुटने लगा और फिर उसकी मौत हो गई।
सुबह लोगों ने देखा तो हल्ला मचाया
पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में चोरी की आशंका नहीं जताई है। मगर, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह युवक चोरी की नीयत से अंदर घुस रहा था। दरवाजे के दोनों पल्लों के बीच में उसकी गर्दन ऐसी फंसी कि वह न तो अंदर घुस पाया न सिर बाहर निकाल पाया। रविवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे जब लोगों ने देखा तो हल्ला मचाना शुरू किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस मौत की प्राथमिक वजह दम घुटना ही बता रही है। बाकी बातें, जांच के बाद साफ हो पाएंगी।
रातभर पत्नी घर में इंतजार करती रही, सुबह लाश मिली
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पावरलूम के संचालक निजाम ने बताया कि बीते दो दिन से उसका पावरलूम बंद था। जावेद की आदतें ठीक नहीं थी। उसे कई बार छोटी-मोटी चोरी के दौरान रंगेहाथ पकड़ा जा चुका है लेकिन हर बार समझाकर छोड़ दिया जाता था। आसपास के लोगों ने बताया कि उसकी पत्नी तरन्नुम ने पूरी रात जावेद का इंतजार किया। नहीं आया तो सुबह अपने मायके कोनिया चली गई।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.