लखनऊ। यूपी में मैनपुरी लोकसभा सीट और खतौली व रामपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गहमागहमी बनी हुई है। सपा किसी भी तरीके से मैनपुरी लोकसभा सीट पर अपना वर्चस्व कायम रखना चाहती है वहीं भाजपा इस सीट पर कमल खिलाने का ख्वाब देख रही है। ऐसे में सोमवार को जब शिवपाल यादव की सुरक्षा घटा दी गई तो अखिलेश ने इसपर आपत्ति जताते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला। वहीं, आज अखिलेश ने अपने ट्विटर हैंडल से एक फोटो ट्वीट कर भाजपा पर वंशवाद का आरोप लगाया।
अखिलेश ने भाजपा के नेताओं और उनके बेटों की तस्वीर की ट्वीट
अखिलेश यादव ने जिस फोटो को ट्वीट कर भाजपा सरकार पर वंश वाद करने का आरोप लगाया उसमें बी एस येदियुरप्पा और बेटे बी वाई राघवेंद्र की तस्वीर है। साथ ही इसमें रक्षा मंत्री और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री राजनाथ सिंंह और बेट पंकज सिंंह की फोटो है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और बेटे दुष्यंत सिंंह, यशवंत सिन्हा बेटे जयंत सिन्हा, विजया राजे सिंंधिया और बेटी वसुंधरा राजे सिंंधिया, रमन सिंंह के बेटे अभिषेक सिंह, मैनका गांधी और बेटे वरुण गांधी सहित कई भाजपा नेताओं और उनके बेटों की तस्वीरें है। इस फोटो में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के साथ उनके भांजे अनूप मिश्र की भी तस्वीर शामिल है।
ट्वीट कर अखिलेश यादव ने लिखा पिक्चर अभी बाकी है
अखिलेश यादव ने इस फोटो को ट्वीट करते हुए लिखा कि पिक्चर अभी बाकी है। अखिलेश की इस फोटो पर यूजर्स ने मुलायम कुनबे की तस्वीर रिट्वीट करना शुरू कर दिया। बता दें कि सपा के संस्थापक और तीन बार के यूपी के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंंह यादव का कुनबा यूपी ही नहीं, देश की राजनीति का भी सबसे बड़ा कुनबा है। एक समय मुलायम सिंंह यादव के परिवार के करीब 65 से अधिक लोग यूपी में बड़े पदों पर थे।
सैफई से दिल्ली तक फैला है मुलायम सिंंह यादव का कुनबा
मुलायम सिंह का कुनबा इटावा के सैफई से नई दिल्ली और लखनऊ के राजनीतिक गलियारे में अपनी पकड़ बना चुका है। मुलायम सिंह यादव के परिवार के 25 से ज्यादा लोग वर्तमान में प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं। जिनमें परिवार की बहुएं डिंपल यादव, अपर्णा बिष्ट यादव भी राजनीति में सक्रिय हैं।
मुलायम परिवार के कई सदस्य राजनीति में सक्रिय
मुलायम सिंह यादव के दादा का नाम मेवाराम था। मेवाराम के दो बेटे सुघर सिंह और बच्चीलाल सिंह थे। इनमें सुघर सिंह के पांच बेटे हुए। मुलायम सिंह यादव, रतन सिंह, राजपाल सिंह यादव, अभय राम सिंह और शिवपाल सिंह यादव। इनमें रतन सिंह तथा राजपाल सिंह यादव का निधन हो गया है। पांच भाइयों में मुलायम सिंह यादव तीसरे नंबर और शिवपाल यादव सबसे छोटे हैं।
धर्मेन्द्र यादव से लेकर तेजप्रताप तक
मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव तथा अभय राम यादव के पुत्र धर्मेन्द्र यादव राजनीति में बेहद सक्रिया हैं। अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हैं, जबकि धर्मेन्द्र यादव तीन बार सांसद रहे हैं। मुलायम सिंह यादव के सबसे बड़े भाई रतन सिंह के बेटे रणवीर सिंह का भी निधन हो गया है, लेकिन रणवीर सिंह के बेटे तेज प्रताप यादव सांसद रह चुके हैं।
डिंंपल यादव हैं उपचुनाव में मैनपुरी लोकसभा सीट से प्रत्याशी
मुलायम की बहू डिंंपल यादव पूर्व सांसद हैं। मैनपुरी लोकसभा सीट पर पांच दिसंबर को हो रहे उपचुनाव में अखिलेश ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है। प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे तथा पांचवें भाई हैं। शिवपाल सिंंह यादव मैनपुरी की जसवंतनगर विधानसभा सीट से विधायक भी हैं। उनके बेटे आदित्य यादव भी राजनीति में काफी सक्रिय हैं।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.