हमीरपुर। शनिवार शाम बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में एक कार में फतेहपुर निवासी दामाद और सास तथा दूसरी कार में मुरैना मप्र निवासी मालिक और नौकर थे। जबकि महिला ग्राम विकास अधिकारी और एक दोस्त घायल हो गए थे। रविवार को पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
फतेहपुर जनपद के मलवां थाने के दमापुरवा निवासी हाल मुकाम हरिहरगंज फतेहपुर रविंद्र पाल सिंह ने बताया कि वह अशोक इंटर कॉलेज साखा में लिपिक हैं। उनके तीन बेटे आशुतोष, आशीष और अजय प्रताप सिंह हैं। बताया कि उन्होंने अपने बडे़ बेटे आशुतोष सिंह का रिश्ता आवास विकास कॉलोनी फतेहपुर निवासी सत्या की ग्राम विकास विभाग में कार्यरत बेटी अंजू कर दिया है।
अंजू की उसके बेटे आशुतोष से 15 फरवरी को शादी होनी थी। उसका मंझला बेटा आशीष अपनी होने वाली भाभी अंजू और उसकी मां सत्या तथा अपने दोस्त दीपक मिश्रा के साथ मप्र के दतिया स्थित मां पीतांबरा पीठ में दर्शन करने गए थे। जहां से वापस फतेहपुर लौटते समय बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर चित्रकूट की ओर से आ रही कार से भिड़ंत हो गई थी।
इस हादसे में आशीष और उसकी सास सत्या की मौके पर मौत हो गई थी। जबकि अंजू और दीपक मिश्रा गंभीर रूप से घायल होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी कार में सवार युवक मुरैना मप्र निवासी रविंद्र शर्मा पुत्र मुरारीलाल शर्मा के परिजनों ने बताया कि रविंद्र व्यवसायी थे। वह अपने नौकर मुकेश पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी खनेता के साथ चित्रकूट में भगवान कामता नाथ के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले दोनों लोग घर से निकले थे। मैहर में मां शारदा के दर्शन करने के बाद चित्रकूट से होते हुए घर आ रहे थे। तभी हादसे का शिकार हो गए।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.