मेरठ में मंगलवार सुबह एक 10 साल के बच्चे की लाश मिली थी। उसका सिर और एक हाथ कटा हुआ था। शव को जलाया भी गया था। लोगों ने देखा कि शव को कुत्ते नोच रहे है तब लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। 4 घंटे बाद शव की शिनाख्त हो गई। बच्चा दिल्ली के प्रीत विहार का रहने वाला मानव था। पड़ोसी दीपक उसे अगवा करके मेरठ लाया था। फिर हत्या करके शव को खेत में फेंक दिया था। पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि तंत्र-मंत्र के एंगल पर जांच चल रही है, क्योंकि मासूम बच्चे के शव के तीन टुकड़े किए गए थे।
मेरठ पुलिस की सूचना पर दिल्ली पुलिस आरोपी को लेकर मेरठ पहुंची। आरोपी ने शव को पहचान लिया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जैसे ही यह बात मानव के परिजनों को पता चली। वे लोग देर रात आरोपी के परिवार से बदला लेने उसके घर पहुंच गए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर पथराव कर दिया और सड़क जाम कर दी। साथ ही वहां से गुजर रही कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। हालात बिगड़ते देखकर आसपास के थानों से पुलिस फोर्स बुलाया गया। करीब 4 घंटे चले बवाल के बाद पुलिस ने किसी तरह परिजन को समझाकर सड़क से हटाया।
पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया
30 नवंबर को गायब हुआ था दिल्ली का मानव
मानव अपने परिवार के साथ प्रीत विहार की झुग्गियों में रहता था। पिता रिक्शा चालक है, जबकि मां घरों में सफाई करती है। 30 नवंबर को मानव घर के बाहर खेलते समय गायब हो गया था। परिजन ने उसकी काफी तलाश की। दिल्ली के प्रीत विहार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
5 दिसंबर को पुलिस ने दीपक को गिरफ्तार किया था
इसी सिलसिले में पुलिस ने मानव के पड़ोसी दीपक को 5 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ चल रही थी। मंगलवार को दिल्ली पुलिस को जैसे ही सूचना लगी कि मेरठ में एक बच्चे का शव बरामद हुआ है तो उससे पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद दीपक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने ही मानव का अपहरण किया था। उसे लेकर 2 दिसंबर की रात ट्रेन से मेरठ पहुंचा।
3 दिसंबर को मानव को मारा था
यहां से वह मानव को अपने रिश्तेदार के यहां ले गया। 3 दिसंबर की रात को उसने मानव की हत्या की। इसके बाद शव को नंगलीईशा में गन्ने के खेत में फेंक दिया। दीपक ने घटना के दौरान शराब पीने की बात भी कही है। इसके बाद वो 5 दिसंबर की रात प्रीत विहार इलाके में पहुंचा। जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पीड़ित परिवार को आशंका है कि मानव की बलि दी गई है।
पुलिस बच्चे के पिता के साथ भी मौके पर पहुंची। शव देखने के बाद पिता ने कहा कि यदि पुलिस पहले से गंभीर होती तो शायद बच्चे की जान बच जाती। फिलहाल हत्या की ठोस वजह स्पष्ट नहीं है। दिल्ली से करीब 80-90 किलोमीटर दूर मेरठ में बच्चे की हत्या करना, उसका सिर धड़ से अलग करना, बच्चे के कपड़े जला देना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस तंत्र-मंत्र का चक्कर भी मान रही है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.