झांसी। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव और पूर्व एमएलसी तिलक चंद्र अहिरवार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। तिलक 2022 विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए थे और झांसी के मऊरानीपुर सीट से प्रत्याशी बनाये गए थे। इस्तीफा देने के बाद तिलक ने कहा कि सपा में संगठनात्मक गतिविधियां शून्य थीं, इसलिए उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया है।
तिलक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे व्यक्तिगत कारणों से पार्टी को अधिक समय नहीं दे पा रहे थे। विधानसभा चुनाव के बाद से व्यथित थे और पार्टी में संगठनात्मक गतिविधियां निष्क्रिय थीं। जब किसी पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियां निष्क्रिय होती हैं, तो संगठन में काम करने वाले कार्यकर्ता व्यथित होते हैं, कुंठित होते हैं, उनकी साख पर बट्टा लगता है और वे भी निष्क्रिय होते हैं।
तिलक ने आगे कहा कि वे ऐसा महसूस कर रहे थे कि संगठन का कोई काम नहीं हो रहा है। दलीय संगठन का जो काम होता है, जिससे लोगों का जुड़ाव होता है, वह नहीं हो रहा था। इसके बाद लगा कि यहां रहने का कोई औचित्य नहीं है और इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
नगर निगम चुनाव और किसी पार्टी में जाने से जुड़े सवाल पर तिलक ने कहा कि अभी इस तरह की कोई बातचीत नहीं है। ऐसी कोई बात बनती है जो हमारी सोंच और हमारे काम करने के ढंग से मेल खाती हो और हमारे मान सम्मान का ध्यान रखा जाए तो हम विचार कर सकते हैं।