“एक नशेबाज लड़के के साथ मैं पूरी जिंदगी नहीं गुजार सकती हूं। मुझे नशा करने वाले लड़के पसंद नहीं हैं। मुझे पहले नहीं बताया कि मेरा होने वाला पति नशा करता है। आज सिगरेट पी रहा है, क्या पता कि वह शराब भी पीता हो। ऐसे इंसान के साथ मैं शादी नहीं करूंगी।”
इतना बोलकर एक लड़की ने अपनी बारात लौटा दी। दूल्हा और दुल्हन ने जयमाला के बाद सात फेरे लिए। इसके बाद दूल्हा सिगरेट पीने लगा। ये बात दुल्हन को पसंद नहीं आई और उसने दूल्हे के साथ जाने से इंकार कर दिया। मामले में समझौता हुआ। दोनों पक्षों ने एक दूसरे से लिए गए रुपयों को लौटाने की बात कही, तब जाकर मामला शांत हुआ।
मंगलवार को आई बारात को दुल्हन ने लौटाया
सदर तहसील क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी कानपुर के परमपुरवा में तय हुई थी। घर में तैयारियां पूरी थी। सारे मेहमान आ चुके थे। घर व द्वार को रंग बिरंगी लाइटों से सजा दिया गया था। रात करीब 10 बजे दुल्हन की बारात आई। महिलाओं ने द्वार पूजन का रस्म किया। इसके बाद जयमाला हुआ और फेरों का कार्यक्रम हुआ।
लोगों के समझाने के बाद भी नहीं मानी दुल्हन
इसी बीच दूल्हा मंडप के किनारे जाकर सिगरेट जलाने लगा। अपने होने वाले पति को सिगरेट पीता देख दुल्हन गुस्सा गई। उसने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद कन्या और वर पक्ष में विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्ष के बुजुर्गों ने बातचीत से मसले को हल करने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन शादी के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हुई।
पुलिस के समझौता कराने के बाद भी नहीं मानी
रात भर ये सिलसिला चलता रहा, इसके बात बुधवार सुबह को पुलिस पहुंची। परियर चौकी में दोनों पक्षों को बुलाया गया। पुलिस ने शादी कराने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन नहीं मानी। कोतवाल अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने अब तक हुए खर्च का आपस में लेनदेन कर समझौता कर लिया। इसके बाद मामला शांत हो गया। इस मामले में दुल्हन ने बात करने से इंकार कर दिया है।
दुल्हन नशा करने वालों से नफरत करती
ग्रामीणों का कहना है कि शादी से पहले युवती अपने माता पिता के साथ हरियाणा प्रांत में रह रही थी। प्राइवेट नौकरी करने वाले पिता ने कानपुर के एक रिश्तेदार के माध्यम से शादी तय की थी। कुछ दिनों पहले ही ये लोग शादी कराने के लिए ही यहां पर आए थे। ग्रामीणों में चर्चा है कि लड़की का किसी दूसरे जगह अफेयर चल रहा था, इस वजह से उसने नशे का बहाना देकर शादी से मना कर दिया।
नकली जेवरात की बात पर लड़के ने समझौता किया था
वहीं दूल्हे पक्ष का कहना है कि लड़का नशा नहीं करता है। बल्कि तिलक समारोह में नकली गहने चढ़ाए थे। इस बात से लड़की वाले नाखुश थे। लेकिन पता चलने पर दोबारा से असली गहने की बात बनी थी। बावजूद इसके दुल्हन पक्ष वाले नहीं माने और बारात लौटा दी।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.