प्रदेश में शीतलहर के प्रकोप का असर बुधवार की सुबह भी देखने को मिला। कोहरा ज्यादा होने से लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ। गीडा इलाके के बाघागाड़ा फोरलेन पर ट्रक और बस में टक्कर हुई। इसके बाद पीछे से आ रही 6 गाड़ियां एक-दूसरे में टकरा गई।
फ्लाइट और ट्रेनें भी प्रभावित
मौसम विभाग ने प्रदेश के 36 जिलों में ठंड का येलो अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का मानना है कि सर्दी पहले से ज्यादा बढ़ेगी। मंगलवार रात 7.5°C के साथ UP का बिजनौर और सोनभद्र जिला सबसे ज्यादा ठंडा रहा।
प्रयागराज में विजिबिलिटी कम होने से 3 फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। रायपुर, लखनऊ और बेंगलुरु को जाने वाली फ्लाइट कैंसिल की गई हैं। रायपुर की फ्लाइट सुबह 9:55 बजे थी। लखनऊ की सुबह 10:10 बजे और बेंगलुरु की सुबह 10:40 बजे थी। कानपुर सेंट्रल स्टेशन से आने और जाने वाली करीब 35 ट्रेनें 10 घंटे तक की देरी से मंगलवार देर रात तक आईं और गईं। बसें भी देरी से पहुंचीं।
दिल्ली से आने वाली कई प्रीमियम ट्रेनें भी अपने निर्धारित से साढ़े छह घंटे की देरी से सेंट्रल पहुंचीं। बुधवार को स्पाइस जेट की मुंबई से कानपुर और कानपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है।
रात 8 बजे के बाद नहीं चलेंगी बसें
वहीं यूपी परिवहन निगम ने कोहरे के चलते रात 8 बजे के बाद बसें न चलाने का फैसला लिया है। इसके मुताबिक, अगर ड्राइवर को सफर में कोहरा मिलते तो वह रास्ते के बस स्टेशन, ढाबा, थाना, पेट्रोल पम्प, टोल प्लाजा पर गाड़ी खड़ी कर देगा। कोहरा छंटने के बाद यात्रियों को उनके डेस्टिनेशन तक पहुंचाएगा। इसके अलावा अगले एक महीने तक बसों की ऑनलाइन बुकिंग बंद कर दी गई है।
शुक्रवार से कोहरे में कमी होने के आसार
बुधवार यानी आज 36 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख एम. दानिश का अनुमान है कि गुरुवार तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सुबह के समय घने कोहरे की चादर छाई रहेगी।
इस दौरान दृश्यता 50 से 100 मीटर तक रहेगी। हालांकि दिन के समय आसमान साफ रहेगा, लेकिन पारे में गिरावट से ठंड का एहसास होगा। शुक्रवार से कोहरे में कमी दर्ज की जा सकती है। इस दौरान दिन और रात के समय तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। मंगलवार की बात करें तो सुबह लगभग 10 बजे तक प्रदेशभर में कोहरा रहा। इसकी वजह से दृश्यता भी 50 मीटर से कम रही।
इन जिलों में ठंड का येलो अलर्ट जारी
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 36 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, संत रविदास नगर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, हाथरस, अलीगढ़, मथुरा समेत आसपास के जिलों में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार की सुबह लखनऊ समेत बाराबंकी, उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद और शामली में घना कोहरे रहेगा। यहां ऑरेंज अलर्ट है। लखनऊ के कई क्षेत्रों में बुधवार की सुबह कोहरा रहा। हालांकि सुबह 8 बजे तक धूप निकल आई।
काशी में विजिबिलिटी हुई 50 मीटर, छाया कोहरा
वाराणसी में आज दूसरे दिन भी घना कोहरा छाया है। सुबह 8 बजे विजिबिलिटी 50 मीटर रिकॉर्ड की गई। कोहरा इतना भयानक है कि घाटों से गंगा भी नजर नहीं आ रही हैं। वाराणसी का तापमान तो आज थोड़ा कंट्रोल में है। तापमान 9°C दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 23°C रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी में अगले 3-4 दिन तक घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं तापमान भी 7 से 23°C के बीच बना रहेगा।