लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने धर्मांतरण के मामलों को लेकर भी अब बयान दिया है। मायावती ने कहा कि बुरी नीयत से धर्म बदलना और बदलवाना, दोनों ही गलत है। मायावती ने ट्वीट किया कि सभी देशवासियों और खासकर ईसाई धर्म का पालन करने वाले भाई-बहनों को क्रिसमस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हमारे धर्म निरपेक्ष संविधान के तहत देश में अन्य धर्मों के लोगों की तरह ये लोग भी सुख-शांति और खुशहाली के साथ जीवन व्यतीत करें, यही कामना है।
बसपा प्रमुख ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि धर्म परिवर्तन को लेकर देशभर में बवाल मचाया जाना अनुचित और चिंताजनक है। जबरन की गई हर चीज बुरी होती है। बुरी नीयत से धर्म बदलना और बदलवाना, दोनों ही गलत है। उन्होंने कहा, इस मुद्दे को सही परिप्रेक्ष्य में देखना और समझना जरूरी है। इसे लेकर की जा रही कट्टरवादी राजनीति से देश को लाभ कम और हानि ज्यादा होगी। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर भी निशाना साधा।
सीएम योगी ने कहा, धर्मांतरण पर लगाएं रोक
शुक्रवार की शाम प्रदेश के प्रमुख अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा था कि 25 दिसंबर को क्रिसमस का त्योहार है। सभी धर्मगुरुओं के साथ संवाद बनाते हुए शांतिपूर्ण माहौल के बीच क्रिसमस का जश्न मनाने की व्यवस्था हो। यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी धर्मांतरण की घटना न होने पाए। उन्होंने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।