झांसी: में सेल टैक्स के असिस्टेंट कमिश्नर के इकलौते बेटे ने 8वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। कूदने से पहले उसने रेलिंग के पास जमी धूल पर सॉरी लिखा। रात में उसने एक लड़की और एक दोस्त को आखिरी कॉल की थी। माना जा रहा है कि वह लड़की उसकी गर्लफ्रेंड थी। सुबह जब गार्ड ने लाश देखी, तो घटना का पता चला। वारदात के समय मां-बाप दोनों घर में नहीं थे। सिर्फ बहनें थीं।
शहर की पॉश रॉयल सिटी कॉलोनी में असिस्टेंट कमिश्नर राजीव शाक्य परिवार के साथ रहते हैं। वह मूल रूप से इटावा के रहने वाले हैं। उनका 18 साल का बेटा कौस्तुभ 12वीं का छात्र था। वह जय अकादमी में पढ़ता था। 8 मंजिला अपार्टमेंट में चौथी मंजिल पर राजीव शाक्य का फ्लैट है।
गुरुवार को राजीव शाक्य के साढू भाई के बेटे का निधन हो गया था। राजीव रात 11.45 बजे पत्नी के साथ रेलवे स्टेशन के लिए निकले थे। उन्हें नोएडा जाना था। घर पर कौस्तुभ और उसकी छोटी बहन थी। साथ में चचेरी बहन भी घर पर ही थी।
माता-पिता के जाने के बाद फ्लैट से निकला
पुलिस को सोसाइटी के CCTV की फुटेज में कौस्तुभ नजर आया है। वह मोबाइल पर देर रात तक बात करता रहा। माता-पिता के घर से जाने के बाद वह फ्लैट से निकला। पहले मोबाइल पर किसी से बात करते हुए वह चौथी से पांचवीं मंजिल पर गया। यहां जमीन पर धूल जमी हुई थी। वहां उसने धूल पर ही अंगुली से लिखा.. ‘सॉरी है’।
यहां वह करीब एक से डेढ़ घंटे तक रहा। इसके बाद, ऊपर की मंजिल की तरफ चल पड़ा। 8वीं मंजिल पर गया। इस दौरान भी वह किसी से मोबाइल पर लगातार बात कर रहा था। यहां उसने ग्रिल के पास मोबाइल रख दिया। यहां उसने धूल पर कुछ लिखा। हालांकि, वहां क्या लिखा है, वह स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है। इसके बाद उसने छलांग लगा दी। कौस्तुभ ने कूदने के लिए वह स्पॉट चुना, जहां CCTV नहीं लगे हुए थे।
दोस्त को फोन करके कहा था-कुछ बताना है
केस की पड़ताल के दौरान पुलिस ने कौस्तुभ का मोबाइल चेक किया। उसने रात में 1.07 बजे और फिर 1.15 बजे दो फोन कॉल किए थे। इसमें एक लड़की थी, जबकि दूसरा उसका दोस्त। पुलिस पूछताछ में दोस्त ने बताया कि कौस्तुभ ने रात में उसे घर बुलाया था। कहा था- कुछ बताना है। लेकिन रात ज्यादा होने के कारण वह नहीं गया। फिर उसको सुबह सुसाइड के बारे में पता चला। पुलिस ने लड़की की भी डिटेल नोट की है। वह कौस्तुभ के साथ स्कूल में ही पढ़ती है। अभी पुलिस ने उससे पूछताछ नहीं की है।
रात में खाना भी नहीं खाया था
पुलिस ने कौस्तुभ के फ्लैट में भी जांच-पड़ताल की। इस दौरान पता चला कि कौस्तुभ ने रात में खाना नहीं खाया था। डाइनिंग टेबल पर सुबह तक प्लेट वैसे ही रखी थी। ऐसे में पुलिस को शक है कि वह किसी तनाव में था। इसलिए, मां-पिता के घर से निकलने के बाद वह फ्लैट के बाहर आ गया। उसने बहनों को भी फ्लैट से बाहर जाने की जानकारी नहीं दी थी।
मोबाइल में छिपी है सुसाइड की वजह
पुलिस के मुताबिक, अभी सुसाइड की वजह नहीं पता चल सकी है। पुलिस ने मोबाइल को अपने कब्जे में लिया है। ताकि कॉल डिटेल निकाली जा सके। सुसाइड की वजह मोबाइल की कॉल डिटेल में ही छिपी हुई है। पुलिस ने रॉयल सिटी के फ्लैट नंबर 409, जहां कौस्तुभ रहता है उसमें भी छानबीन की। पुलिस माता-पिता के आने का इंतजार कर रही है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.