कानपुर में गुरुवार रात पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पिछले 24 घंटे में यहां 25 लोगों की मौत हुई है। वजह- हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक रही है। मौत के यह चौंकाने वाले आंकड़े सिर्फ दो अस्पताल के हैं। अगर थोड़ा पीछे जाए, यानी 4 दिन की बात करें तो इन दोनों अस्पतालों में 65 लोगों की मौत हो चुकी है। कारण, वही हार्ट और ब्रेन स्ट्रोक रहा है।
कानपुर में हार्ट के एक अस्पताल पहुंचे 700 मरीज
कानपुर में लक्ष्मीपत सिंहानिया हृदय रोग संस्थान है। यहां के निदेशक डॉ. विनय कृष्णा ने बताया, “गुरुवार को हृदय रोग से पीड़ित 723 मरीज आए। इनमें 41 को भर्ती किया गया। 15 मरीजों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत गई। वहीं, 7 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।” वहीं, दूसरी ओर कानपुर के ही एक अन्य हैलट अस्पताल में ब्रेन स्ट्रोक से 3 मरीजों की मौत हो गई। इनमें उन्नाव की 65 वर्षीय संध्या, कल्याणपुर की 74 वर्षीय रजोल और कन्नौज के 70 वर्षीय जाकिर हैं।
आखिर इतनी मौत क्यों? इस सवाल के जवाब पर डॉ. विनय कहते हैं कि एक तो ठंड काफी है। पिछले 3-4 दिनों में पारा 3 से 5 डिग्री के बीच रहा है। दूसरी, बात हृदय रोग संस्थान में कानपुर के आसपास 18 जिलों से मरीज आते हैं।
यूपी में जालौन प्रदेश ठंडा, 3 डिग्री पहुंचा पारा
यूपी में ठंड का कहर जारी है। प्रदेश के 9 शहरों का तापमान 5 डिग्री से नीचे चला गया है। गुरुवार को जालौन प्रदेश का सबसे सर्द जिला रहा। यहां तापमान 3 डिग्री दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, शुक्रवार यानी आज गुनगुनी धूप निकलेगी। शाम को धुंध छाई रहेगी। इससे शीतलहर बढ़ने के आसार हैं। इस दौरान दिन का तापमान 16°C और रात का तापमान 6°C रहने की संभावना है। वहीं प्रदेश के अधिकतर जिलों में घना कोहरा पड़ेगा।
यूपी के 9 शहरों का पारा 5°C से कम रिकॉर्ड हुआ
शहर | न्यूनतम तापमान |
जालौन | 3°C |
कानपुर नगर | 3.2°C |
झांसी | 3.9°C |
बिजनौर | 4°C |
फतेहपुर | 4°C |
अयोध्या | 4°C |
मुजफ्फरनगर | 4.5°C |
वाराणसी | 4.6°C |
सोनभद्र | 4.6°C |
बस्ती | 5°C |
मुरादाबाद | 5°C |
मेरठ | 5.4°C |