समाजवादी पार्टी की सोशल मीडिया टीम में जल्द ही बदलाव की संभावना है। मीडिया रिपोर्टस में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि ट्विटर पर बीते दिनों हुए वार के बाद अब सोशल मीडिया टीम में बदलाव किया जाएगा। अभी तक इस काम को मनीष जगन अग्रवाल ही देख रहे थे।
जल्द ही नए व्यक्ति को मिलेगी मीडिया सेल की जिम्मेदारी
गौरतलब है कि बीते दिनों ट्वीटर पर असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने के लिए मनीष जगन अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि अगले ही दिन उनकी रिहाई भी हो गई थी। लेकिन अब सपा उनकी जिम्मेदारी किसी और व्यक्ति को देने की बात पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही किसी नए व्यक्ति को यह जिम्मेदारी दी जाएगी। सोशल मीडिया हैंडल का नया संचालक कौन होगा उसके नाम का ऐलान आने वाले दिनों में किया जा सकता है।
अखिलेश खुद पहुंचे थे पुलिस मुख्यालय
ज्ञात हो कि सपा मीडिया सेल के ट्विटर अकाउंट से लगातार की जा रही अभद्र टिप्पणी के बाद कई मुकदमे हजरतगंज थाने में दर्ज करवाए गए थे। इसी कड़ी में पुलिस ने मनीष जगन अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। हालांकि मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला था। अपने कार्यकर्ता को छुड़ाने के लिए अखिलेश यादव खुद ही पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गए थे। उसके बाद उन्होंने जेल में जाकर भी मनीष जगन अग्रवाल से मुलाकात की थी। इसके अगले दिन ही सपा कार्यकर्ता की जेल से रिहाई भी हो गई थी। इस पूरे प्रकरण में सपा की जमकर फजीहत भी हुई है। जिसके बाद यह लगभग तय है कि सपा जल्द ही सोशल मीडिया टीम की जिम्मेदारी किसी अन्य व्यक्ति को देगी। इसको लेकर लगातार मंथन भी जारी है। माना जा रहा नए नाम का ऐलान भी महज कुछ ही दिनों में सार्वजनिक होगा।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.