प्रदेश के महराजगंज में रहने वाला 8वीं का छात्र 6वीं क्लास में पढ़ने वाली लड़की से प्यार करता था। छात्र शनिवार को अपने दोस्त के साथ बाइक पर लड़की के घर पहुंचा। लड़की अपने घर के बाहर झाडू लगा रही थी। दोनों लड़कों ने छात्रा को पकड़ लिया और उसके गले पर चाकू रख दिया।
लड़की चिल्लाने लगी, इतनी देर में लड़के ने छात्रा की सिंदूर से मांग भर दी और अपने प्यार का इजहार किया। थोड़ी देर मे लड़की की आवाज सुनकर लड़की के परिवार वाले बाहर आ गए। लड़की के परिजनों ने अपनी बेटी को उन लड़कों से छुड़वाया। परिवार ने सभी लड़कों के खिलाफ पुलिस मे तहरीर दी। पुलिस ने लड़कों को गिरफ्तार कर लिया है।
लड़की का पीछा करता था आरोपी
पुलिस ने बताया, “लड़का नाबालिग है और 8वीं क्लास में पढ़ता है। लड़का और लड़की दोनों गांव के एक ही स्कूल में पढ़ते थे और लड़का अक्सर लड़की को परेशान करता था। वह हमेशा लड़की के साथ छेड़छाड़ करता था। लड़के से परेशान होकर लड़की के परिजनों ने लड़की को उस स्कूल से निकलवा दिया था।
लड़की के माता-पिता ने लड़की का एडमिशन दूसरे स्कूल में करवा दिया। बावजूद इसके लड़के ने लड़की का पीछा नहीं छोड़ा और किसी न किसी बहाने से घर के आसपास मंडराता रहता था।
आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा
आरोपी पुलिस कस्टडी में है। जहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पर धारा 354, 354(ख), 352 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। साथ में आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।