सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने बहू डिंपल पर टिप्पणी को लेकर भाजपा पर हमला किया है। उन्होंने भाजपा नेता ऋचा राजपूत के ट्वीट का विरोध किया है। उन्होंने कहा, “मैनपुरी सांसद और बहू डिंपल यादव के खिलाफ वह एक शब्द भी नहीं सुनेंगे।”
शिवपाल ने कहा, “बीजेपी के लोगों की वह 99 बार तक की गलतियां को सहन करेंगे। उसके बाद माफ नहीं करेंगे। अब पानी सिर के ऊपर जा रहा है। हम समाजवादी सड़क से संसद तक उनको घेरेंगे। प्रदेश से भाजपा का सफाया जल्द होगा।
शिवपाल यादव बेटे आदित्य यादव के साथ सोमवार को सैफई के SS मेमोरियल इंटर कॉलेज पहुंचे थे। जहां उन्होंने ये बयान दिया। शिवपाल ने सरकार को मवेशी और महंगाई जैसों मुद्दों पर भी घेरा।
जो कभी नहीं निकले वो मनीष के लिए निकले हैं
वहीं, भाजपा नेता ऋचा राजपूत ने भी सपा पर खुलकर निशाना साधा है। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए ऋचा ने कहा, “जो आजम के जेल जाने पर नहीं निकले। अपने भाई के चुनाव में नहीं निकले। जो महिला उत्पीड़न पर नहीं निकले।, वो मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी होने पर निकल पड़े हैं। इससे यह साबित हो गया है कि महिलाओं का उत्पीड़न और उन पर अभद्र टिप्पणी करने वालों के साथ सपा है। अखिलेश ने इस कहावत को ठीक साबित कर दिया है ‘जो जितना बड़ा अपराधी, वह उतना बड़ा समाजवादी’।
मनीष-ऋचा में चल रहा था ट्विटर पर विवाद भाजपा युवा मोर्चा की सोशल मीडिया प्रभारी ऋचा राजपूत और सपा ट्विटर हैंडल के मेंबर और कार्यकर्ता मनीष जगन अग्रवाल के बीच में जमकर ट्विटर पर बयानबाजी हुई थी। इसके बाद सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने ऋचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। उन्होंने ऋचा पर डिंपल यादव के ट्विटर अकाउंट पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाया है।
मुझे कुछ होता है तो जिम्मेदारी अखिलेश की होगी
मनीष जगन के खिलाफ ऋचा राजपूत ने भी हजरतगंज कोतवाली में FIR दर्ज कराई थी। ऋचा ने अपनी शिकायत में कहा था, ‘सपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जान से मारने और बलात्कार की धमकी दी जा रही है। मुझे कुछ होता है, तो उसकी जिम्मेदारी अखिलेश यादव की होगी।’
इससे पहले भाजपा यूपी के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कोर्ट में परिवाद दाखिल कर @MediaCellSP के खिलाफ FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की थी। 26 दिसंबर, 2022 को पत्रकार विश्व गौरव त्रिपाठी ने सपा के ट्विटर हैंडल के खिलाफ हजरतगंज थाने में FIR दर्ज कराई थी। इसमें मनीष जगन अग्रवाल, आशीष यादव, उदयवीर सिंह को नामजद किया था। पुलिस ने इस मामले में रविवार को गिरफ्तारी की थी।
रविवार को हुई थी मनीष जगन की गिरफ्तारी
मामले में कार्रवाई करते हुए लखनऊ पुलिस ने मनीष जगन अग्रवाल को रविवार को गिरफ्तार कर लिया था। इसकी जानकारी होते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव लखनऊ पुलिस मुख्यालय पहुंच गए थे।
मनीष के खिलाफ 2 केस दर्ज, 1 केस ऋचा का
सीतापुर के रहने वाले मनीष जगन अग्रवाल पर दो मुकदमे दर्ज हैं। दोनों मुकदमे सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी से जुड़े हुए हैं। एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया कि रविवार को मनीष की गिरफ्तारी विश्व गौरव त्रिपाठी की तहरीर पर दर्ज केस में हुई है।
यह केस हजरतगंज कोतवाली में मनीष समेत तीन लोगों के खिलाफ दर्ज है। इसके अलावा, एक अन्य मामले में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। उसमें पुलिस ने गिरफ्तारी की है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.