अनिल शर्मा + संजय श्रीवास्तव
झांसी। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी ने बिहार के शिक्षा मंत्री को विवेकहीन बता डाला। उन्होंने कहा कि बिहार के शिक्षा मंत्री नहीं जानते कि रामचरितमानस की महानता क्या है रामचरितमानस किस तरह मानवता का पाठ पढ़ाता है, हमारे जीवन पद्धति को, जीवन दर्शन को दिशा निर्देश देता है, उन्हें इसके बारे में कुछ भी जानकारी नहीं है। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुरुवार को झांसी में शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के नामांकन प्रक्रिया में भाजपा प्रत्याशी डॉ.बाबूलाल तिवारी का नामांकन कराने आई थीं।
उन्होंने बिहार के शिक्षा मंत्री का मखौल उड़ाते हुए कहा कि भगवान ने उनके अंदर इतनी ही बुद्धि दी है तो वह इतना ही बता पाएंगे अगर उनके अंदर बुद्धि दी होती तो वह रामचरितमानस की महानता को जानते अब हमारे संस्कार तो नहीं कहते कि रामचरितमानस के ऊपर हम एक शब्द भी बोल सकें। लेकिन उन्हें अपने संस्कारों व संस्कृति के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसलिए हम उनके बारे में क्या कह सकते हैं। भगवान उन्हें सद्बुद्धि प्रदान करे। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के फार्मूले पर हमेशा चुनाव लड़ती आई है। चाहे वह लोकसभा का चुनाव हो या विधानसभा का। इसी फार्मूले पर चुनाव जीते गए। उन्होंने कहा कि अब एमएलसी शिक्षक का भी चुनाव इसी फार्मूले से जीता जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा मानवता के मार्ग पर चलकर काम करती है। शिक्षकों के पुरानी पेंशन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। वित्तविहीन शिक्षकों के मामले में उन्होंने कहा कि सबसे बात हो चुकी है।
केंद्रीय राज्य मंत्री बोले,सोच समझकर बयान देना चाहिए
केंद्रीय राज्य मंत्री भानु प्रताप बर्मा नामांकन में थोड़ा देर से पहुंचे। उन्होंने बिहार के शिक्षा मंत्री के बयान पर कहा कि जहां के मुख्यमंत्री लालू रहे हो वहां पर कोई भी मंत्री कुछ भी बयान दे सकता है। फिलहाल मंत्री जी को सोच समझकर बयान देना चाहिए।
भाजपा प्रत्याशी ने कहा पुरानी पेंशन कोई मुद्दा नहीं
वही भाजपा के एमएलसी शिक्षक उम्मीदवार डॉक्टर बाबूलाल तिवारी ने शिक्षकों के पुरानी पेंशन के मुद्दे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा इस प्रकार का कोई मुद्दा नहीं है और यह सब माध्यमिक शिक्षक संघ का बहाना भर है। अगर यह मुद्दा था तो 2005 में उन्होंने पुरानी पेंशन के नियम को लागू क्यों होने दिया।
नहीं आए उपमुख्यमंत्री, रहा चर्चा का विषय
भाजपा उम्मीदवार डॉक्टर बाबूलाल तिवारी के नामांकन के दूसरे सेट को दाखिल करने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को आना था। इसके लिए उनका प्रोटोकॉल भी जारी कर दिया गया था। लेकिन आज सुबह अचानक एक पत्र जारी किया गया जिसमें बताया गया कि अपरिहार्य कारणों के चलते उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। उपमुख्यमंत्री का न आना पूरे समय चर्चा का विषय बना रहा।
यह रहे उपस्थित
शिक्षक एमएलसी के लिए भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर बाबूलाल तिवारी द्वारा आज दूसरा सेट का नामांकन दाखिल किया गया। इससे पूर्व बुंदेलखंड महाविद्यालय में एक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती,माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी,सांसद अनुराग शर्मा,मंत्री मन्नू लाल कोरी, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश तिवारी, विधायक रवि शर्मा, विधायक रश्मि आर्या,विधायक जवाहर लाल राजपूत, विधायक राजीव सिंह समेत निवर्तमान महापौर रामतीर्थ सिंघल,महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष जमुना कुशवाहा श्याम जी गुप्ता , पूर्व विधायक एवं लोक भारती के संयोजक नरेंद्र सिंह जादौन मोहन सिंह यादव हरेंद्र विक्रम सिंह दीपक अग्निहोत्री, जेपी गौतम अमित निरंजन राम लखन ओदित्च सौरभ पटेल राजकुमार परमार आदि मौजूद रहे।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.