कानपुर में रिटायर्ड डिप्टी एसपी के बेटे ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। उसने दो साल पहले लव मैरिज की थी। पिछले कुछ समय से उसका पत्नी से आए दिन झगड़ा होता रहता था। गुरुवार रात को भी उसका फोन पर पत्नी से झगड़ा हुआ था। इससे वह बहुत टेंशन में था। गुरुवार देर रात जब परिवार वाले कमरे में पहुंचे, तो उसका शव फांसी पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही युवक के घरवालों और उसके ससुराल वालों से पूछताछ की जा रही है।
मामला चकेरी थानाक्षेत्र के गांधी ग्राम का है। यहां पर रिटायर डिप्टी एसपी अनिल सिंह परिवार के साथ रहते हैं। डिप्टी एसपी के 36 साल के बेटे अमित सिंह ने दो साल पहले इलाके की ही रहने वाली मेधा से लव-मैरिज की थी। मेधा नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करती है। जबकि अमित सिंह घर पर ही रहता था। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा होता था।
पत्नी से फोन पर हुआ था झगड़ा
चकेरी थाना प्रभारी अंजन सिंह ने बताया कि अमित गुरुवार रात को शराब पीकर घर आया। इस दौरान उसने पत्नी मेधा से फोन पर बात की। किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद अमित अपने कमरे में चला गया था। कुछ देर बाद कमरे में उसका फंदे में लटका हुआ शव मिला।
देर रात परिजनों को अमित फांसी पर लटका मिला। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर हैलट अस्पताल गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
पत्नी से चल रही थी अनबन
मृतक अमित के परिजन और उनके ससुराल के लोग कुछ भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। पुलिस की पूछताछ और जांच के मुताबिक, परिजन अमित के लव-मैरिज के खिलाफ थे। अमित के शराब पीने और नौकरी नहीं करने के चलते दोनों में अनबन होने लगी थी। इसी के चलते मेधा नोएडा में नौकरी करने चली गई थी। इसके बाद अमित मानसिक रूप से परेशान था और ज्यादा शराब पीने लगा था।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.