पीलीभीत में एक महिला ने अपने ही देवर पर चाकू की नोंक पर रेप करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब इस पूरे मामले की शिकायत उसने अपने पति से की तो पति ने तीन तलाक दे दिया। फिलहाल पूरे मामले में तीन तलाक व दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव की रहने वाली युवती ने मुकदमे में बताया कि उसकी शादी 2018 में न्यूरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। विवाहित महिला का कहना है कि शादी में पीड़ित महिला के भाइयों द्वारा सामर्थ्य अनुसार दान दहेज भी दिया गया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग दहेज से खुश नहीं थे। पति व देवर दहेज में i10 कार और 400,000 नगद की मांग कर रहे थे।
पति ने तीसरी शादी भी रचाई
महिला ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट की घटना को भी अंजाम दिया जाता था। महिला की मानें तो पति दहेज की मांग पूरी ना होने पर तीसरी शादी करने की भी बात कहते थे। महिला का आरोप है कि उसकी शादी होने से पहले उसके पति की एक शादी उत्तराखंड की लड़की से भी हो चुकी थी। जिसे उसके पति ने दहेज की खातिर तीन तलाक दे दिया था।
महिला को मारपीट कर घर से निकाला
विवाहित महिला का कहना है कि जब उसने एक पुत्री को जन्म दिया तो उसके पति और देवर ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से महिला अपने मायके में रह रही है। महिला की मानें तो उसे घर से निकाले जाने के बाद आरोपी पति ने शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से तीसरी शादी रचा ली। दहेज की खातिर तीसरी बीवी को भी मारपीट कर तीन तलाक दे दिया। पूरे मामले में शहर कोतवाली में मामला चल रहा है।
देवर ने चाकू के बल पर किया रेप
महिला का आरोप है कि उसके पति ने तीसरी पत्नी को तीन तलाक दिया। इसके बाद आरोपी पति का भाई महिला के मायके आया। उसके साथ चाकू की नोंक पर रेप किया। जब महिला ने इस पूरे मामले की शिकायत अपने पति से की थी तो 26 अक्टूबर 2022 को पति ने उसके मायके आकर कुछ लोगों के सामने तीन तलाक दे दिया।
कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद महिला ने अपने ही पति पर दहेज की खातिर जादू टोना कर लड़कियों को पटा कर शादी रचाने और देवर पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पूरे मामले में पुलिस पर कार्रवाई न करने का भी आरोप है। महिला ने न्यायालय के आदेश पर सुनगढ़ी थाने में मामला पंजीकृत कराया है। सुनगढ़ी थाना अध्यक्ष राजीव शर्मा का कहना है दुष्कर्म व तीन तलाक समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.