प्रदेश में इन दिनों रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी का मुद्दा छाया हुआ है। सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान के बाद विवाद शुरू हुआ। इसके चलते मौर्य पर कई मुकदमें भी दर्ज हो गए। हालांकि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव लगातार स्वामी प्रसाद मौर्य का समर्थन करते आ रहे है। इसी वजह से अखिलेश यादव पर विपक्ष हमलावर हो गया है। उन्हें राम विरोधी बताया जाने लगा। इन विवादों के बीच अचानक अखिलेश यादव का भगवान राम के प्रति प्रेम उमड़ पड़ा है। उन्होंने एक वीडियो ट्वीट करते हुए भगवान राम को याद किया है। चर्चा है कि ऐसा कर अखिलेश यादव, स्वामी प्रसाद मौर्य के समर्थन के बाद उपजे विवाद पर डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश में है।
सपा प्रमुख ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में एक ट्रक पर भगवान मूर्ति को ले जाते हुए दिखाया जा रहा है। वहीं वीडियो ट्वीट के कैप्शन में अखिलेश यादव ने लिखा है, प्रभु राम का रथ और सपा का पथ। जानकारी के मुताबिक ये पथ कोई और नहीं आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे का है। इस वीडियो के जरिए अखिलेश ने अपनी सरकार में बने एक्सप्रेसवे की तारीफ और भगवान राम से उनका मोह दोनों दिखा दिया है।
इससे पहले शुद्र को लेकर भी काफी विवाद छिड़ा। तब अखिलेश यादव ने सीधे कहा था कि सीएम योगी बताएं कि शूद्र क्या है। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें जब और जिस मंच पर जो कहना होगा, कह देंगे। साथ ही सीएम योगी समेत बीजेपी ने रामचरितमानस के अपमान पर स्वामी प्रसाद मौर्य और अखिलेश की जमकर बुराई की थी। साथ ही अखिलेश की राम भक्ति पर इशारों-इशारों में सवाल भी खड़ा किया था। अब संभवत: अखिलेश यादव इस वीडियो से अपनी भक्ती और श्रद्धा साबित करते नजर आ रहे हैं।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.