आगरा में रविवार को सिलेंडर में आग लगने से दो महिलाओं की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति भी झुलस गया। घर में 5 घंटे बाद तिलक समारोह होना था। तभी खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। हलवाई के साथ पूड़ी बेलने के लिए आई दो महिलाएं जिंदा जल गईं। दुर्घटना से घर में चीख पुकार मच गई। घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र की है।
हलवाई के साथ सब्जी काटने आई थी महिलाएं सुंदरवन कॉलोनी के रहने वाले मदन कुमार के बेटे का रविवार को तिलक समारोह था। घर में सुबह से ही तैयारियां चल रही थीं। शाम को लड़की वालों को तिलक चढ़ाने आना था। समारोह के लिए हलवाई खाना तैयार कर रहे थे। पड़ोसी पंकज के घर में हलवाई खाना बना रहे थे।
सुबह साढ़े 11 बजे अचानक सिलेंडर में आग लग गई। उसके बाद आग की तेज लपटें उठने लगीं। जिसकी चपेट में वहां सब्जी काट रहीं दो महिलाएं आ गईं। दोनों महिलाएं हलवाई कैलाशी के साथ आई थीं।
चीख-पुकार मचने पर पहुंचे आस-पास के लोग पड़ोसी पंकज ने बताया कि वह घर के अंदर थे। अचानक से चीख-पुकार सुनी तो घर के बाहर आए। उन्होंने देखा कि आग लगी हुई है। आग बुझाने का प्रयास किया। तब तक आस-पास के लोग भी आ गए। फायर ब्रिगेड को फोन पर सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम आती ग्रामीणों ने आग पर काबू पर लिया।
पंकज ने बताया हलवाई कैलाशी के साथ आईं शीला व मीना जिंदा जल गईं। जबकि हलवाई कैलाशी भी झुलस गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने हलवाई को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया।
सिलेंडर में लीकेज से आग लगी मदन कुमार के घर पर बेटे के तिलक समारोह की तैयारी चल रही थी। आग लगने से परिवार की खुशियां गम में बदल गईं। दोनों महिलाएं नगला बूढ़ी की बताई जा रही हैं। थाना प्रभारी सिकंदरा आनंद कुमार शाही ने बताया कि सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई थी। इसकी चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत हो गई है। दोनों हलवाई के साथ पूड़ी बेलने के लिए आई थीं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.