कुशीनगर में मंगलवार दोपहर सिलेंडर ब्लास्ट होने से 2 बच्चों समेत 3 लोगों की मौत हो गई। जबकि 12 लोग झुलस गए। खाना बनाते समय सिलेंडर लीक होने से आग लगी। कुछ ही देर बाद ब्लास्ट हो गया। आस-पास के घरों में आग लग गई। पछुआ हवा के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही देर में 40 घरों तक आग फैल गई।
इस घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। लोग अपने घरों में निकलकर भागे। जबकि गांव के लोग काफी देर तक आग बुझाने के लिए मशक्कत करते रहे। लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सभी 40 घर जलकर राख हो चुके थे। घटना पडरौना तहसील के बाजी पट्टी गांव की है।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए का मुआवजा
इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है। डीएम ने बताया कि फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी
घटना में झुलसे घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। DM रमेश रंजन और SP धवल जायसवाल ने घटना स्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। पीड़ितों को हर सम्भव मदद के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
आग की लपटों में घिर गए थे तीन लोग
बता दें कि आग की लपटों के बीच घिरकर 65 वर्षीय ठाकुर राजभर, 8 वर्षीय सोनामिका पुत्री राजेन्द्र चौहान और 6 साल की सौम्या पुत्री नागेंद्र की मौत हो गई। मौक पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस और प्रशासनिक टीम नुकसान का आकलन कर रही है।
आग में कई जानवर भी झुलस गए
ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे एक घर में खाना बनाते समय सिलेंडर की पाइप से गैस लीक होने लगी। कुछ ही पल में आग आस-पड़ोस के कई घरों तक फैल गई। लोग हैंडपंप से पानी निकालकर बाल्टियों के सहारे आग बुझाने लगे। लेकिन आग की लपट तेज होने की वजह से लोग घरों के पास नहीं जा पा रहे थे। वहीं, कई बकरियों समेत गाय और भैंस भी झुलस गईं।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, आग की लपटें कई फीट की ऊंचाई तक उठ रही थीं। करीब आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बौछार मारकर एक-एक कर सभी घरों की आग बुझाई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक सारे घर जलकर राख हो चुके थे। कई घरों में रखा अनाज, कपड़े भी जल गए।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.