यूपी के सोमवार को कई जिलों में एक बार फिर मौसम बदला है। वाराणसी और प्रयागराज में रात में आंधी चलते लगी। इसके बाद जोरदार बारिश हुई। 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाराणसी में आधे शहर की बिजली गुल हो गई।
इससे पहले शाम को कानपुर और लखनऊ में अचानक दिन में ही अंधेरा हो गया। तेज हवाएं चलने लगीं। साथ ही जमकर बरसात भी हुई। कानपुर के गोविंद नगर में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई। इसके अलावा बिधनू और अयोध्या में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही उतार-चढ़ाव भरा रहेगा।
इटावा, औरैया, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, उन्नाव, सीतापुर, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, कानपुर देहात, कानपुर नगर, फर्रुखाबाद, बाराबंकी और रायबरेली जिले में गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी है। कन्नौज, हरदोई, उन्नाव, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली में बिजली गिरने की संभावना जताई है। साथ ही लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।
इससे पहले, रविवार को 15 से ज्यादा जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई थी। लखनऊ में दोपहर से शुरू हुई छिटपुट बारिश देर रात तक होती रही। जालौन में तो हवा की स्पीड इतनी तेज थी कि कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए। जोरदार बारिश हुई।
आंधी में उड़कर आई टीन शेड से कटी बच्ची की गर्दन
औरैया में तेज आंधी में उड़कर आई टीन शेड एक बच्ची के लिए काल बन गई। टीन शेड की चपेट में आकर उस्मान राजमिस्त्री की 10 साल की बेटी रोशनी की गर्दन कट गई। रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आंधी के चलते एक गेस्ट हाउस की दीवार ढह गई।
इसके अलावा, मथुरा, बागपत, गाजीपुर, रायबरेली में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। बागपत में 2 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और आंधी के चलते गर्मी से लोगों को राहत मिली। प्रदेश में बरेली जिले में रात सबसे ठंडी रही। यहां न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पारा 17.6°C पर पहुंच गया।
इन शहरों में अलर्ट, 28 अप्रैल तक बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में 28 अप्रैल तक आंधी और बारिश की संभावना है। सोमवार को जिन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, इनमें कानपुर, लखनऊ, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा और रायबरेली हैं। इस दौरान आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है।
यूपी के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर |
अधिकतम |
न्यूनतम |
आगरा |
32.7°C |
22.3°C |
बरेली |
32.4°C |
17.7°C |
गोरखपुर |
38.8°C |
22.0°C |
झांसी |
34.6°C |
21.7°C |
कानपुर |
34.8°C |
23.2°C |
लखनऊ |
36.8°C |
24.2°C |
मेरठ |
32.1°C |
24.3°C |
प्रयागराज |
38.9°C |
22.8°C |
वाराणसी |
38.9°C |
22.2°C |