आगरा के खंदौली में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई। रविवार देर रात एक युवक ने पत्नी और मासूम बेटी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह घर से भाग गया। सुबह पता चलने पर गांव वाले और पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
महिला के भाई जवाहर सिंह ने बताया, “पांच साल पहले मेरी बहन की शादी मनमोहन के साथ हुई थी। मनमोहन शराब पीता था। उसका दूसरी महिला से अवैध संबंध था। मेरी बहन विरोध करती थी। इसके चलते ही हमारी बहन की हत्या हुई है।” SSP प्रभाकर चौधरी का कहना है कि मृतका का पति फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
खंदौली थाना के पैंतखेड़ा निवासी मनमोहन सिंह आगरा में ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है। घर में उसकी पत्नी ममता, सवा साल की बेटी सौम्या और तीन साल का बेटा आरव था। घरवालों ने बताया कि शनिवार रात 9.30 बजे मनमोहन ने पत्नी, बेटे और बेटी के साथ घर में खाना खाया था। रात 11 बजे वह बाहर घूमता देखा गया था। इसके बाद देर रात को पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसके बाद मनमोहन ने पत्नी ममता और बेटी सौम्या की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
सुबह हुई जानकारी
सुबह 7 बजे तक मनमोहन के घर का कोई नहीं दिखा, तो पड़ोस में रहने वाले उसके चाचा हरिओम घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक कमरे में ममता और सौम्या जमीन पर खून से लथपथ पड़े हैं। दूसरे कमरे में बेटा आरव सो रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांववालों की भीड़ लग गई। गांव में हर कोई दोहारे हत्याकांड से सन्न रह गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.