फिरोजाबाद में छेड़छाड़ से परेशान 4 बहनों ने एक युवक को पीट-पीटकर मार डाला। युवक उनके घर के ठीक सामने रहता था। आरोप है कि वह उन पर अश्लील कमेंट करता रहता था। चारों बहनें इस बात से बहुत परेशान थीं। घटना कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा मोहल्ले की सोमवार रात 11 बजे की है।
युवक कई सालों से चारों बहनों को परेशान कर रहा था। सोमवार देर रात उसने लड़कियों के घर के बाहर चारपाई डाल ली। फिर उसी पर बैठ कर अश्लील कमेंट करते हुए गालियां देने लगा। वह लड़कियों से घर से बाहर आने के लिए बोलने लगा।
हाथ में लाठी लेकर बाहर आई बहनें
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, “कुछ देर तक तो लड़कियां सुनती रहीं। इसके बाद सभी हाथ में लाठी लेकर बाहर आईं और युवक की पिटाई शुरू कर दी। बहनों ने युवक को करीब एक घंटे तक मारा। उसके सिर पर लगातार वार किए। इसके बाद युवक की मौत हो गई। गुस्साई बहनों ने उस चारपाई पर भी आग लगा दी, जिस पर वह बैठा था।”
पुलिस ने चारों बहनों को हिरासत में लिया
वारदात के बाद युवक का शव 8 घंटे तक सड़क पर ही पड़ा रहा। किसी ने भी पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी। सुबह मृतक की भाभी ने पुलिस को सूचना दी। भाभी ने सभी 7 बहनों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने चार बहनों को हिरासत में लिया है। 3 बहनें नाबालिग हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लड़कियों के पिता की हो चुकी है मौत
स्थानीय लोगों ने बताया, “मृतक का नाम राम गोपाल सिंह था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह शादी समारोह में अपने भाई के साथ खाना बनाने का काम करता था। वह सभी बहनों को परेशान करता था। लड़कियों के घर में कमाने वाला कोई भी नहीं है। पिता की मौत हो चुकी है। बड़ी बहन की शादी हुई थी, लेकिन उसके पति ने उसको छोड़ दिया है।”
दूध बेचकर चला रही थी घर का खर्चा
बड़ी बहन भी मायके में रहती है। दो बड़ी बहनें खेती करके और दूध बेचकर घर का खर्चा चलाती हैं। घर में बीमार मां और एक छोटा भाई भी है। बहनों के चाचा-ताऊ भी पड़ोस में रहते हैं। घटना के समय वो लोग भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, वारदात के बाद फरार हो गए।
घटना से जुड़ा जो वीडियो सामने आया है, उसमें दिख रहा है कि लड़कियां युवक की डंडे से पिटाई कर रही हैं। उनके हाथ में डंडा-बेल्ट और पाइप है। युवक जमीन पर बैठकर उनसे जान की भीख मांग रहा है। आरोपी के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। उसके सिर से खून निकल रहा है।
आरोपियों से की जा रही पूछताछ
मामले में SP अखिलेश नारायण सिंह ने बताया, “मंगलवार सुबह युवक की हत्या की सूचना मिली। पुलिस को फॉरेंसिक टीम के साथ गांव भेजा गया। मामले में 7 लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। चार बहनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, तीन लोग फरार हैं। जांच में पता चला है कि मृतक ने पड़ोस की युवतियों पर टिप्पणी की थी। इस पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।”
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.