संतकबीर नगर में प्रेमिका से मिलने गए 11वीं के छात्र को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसे पहले लात-घूंसों से पीटा, फिर जूते-चप्पल की माला पहनाई। इतना ही नहीं, सिर और भौंहें भी मुंडवा दीं। इसके बाद उसको पूरे गांव में घुमाया। इस मामले में पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रविवार का है। मगर, मंगलवार को वीडियो सामने आने के बाद पुलिस एक्टिव हुई।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक लड़का चारपाई पर बैठा है। उसके गले में जूते-चप्पल की माला पहनाई गई है। उसे ग्रामीण घेरकर खड़े हैं। एक ग्रामीण उसके भौंह के बाल को छील रहा है। लोग तमाशा देख रहे हैं। मगर, कोई बचाने के लिए आगे नहीं आ रहा है। मामला पिपरा हसनपुर गांव का है।
1 साल से चल रहा था अफेयर
ग्रामीणों ने कहा, “किशोर का पंचपोखरीया का रहने वाला है। उसका पिपरा हसनपुर गांव की रहने वाली लड़की से 1 साल से अफेयर चल रहा था। दोनों नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका क्लास 6 से एक साथ पढ़ रहे थे। इस कारण कारण शुरुआती दौर में लोगों को इन पर शक नहीं होता था।”
ग्रामीणों ने कहा, “अब दोनों क्लास 11 में पहुंच गए हैं। पिछले कुछ महीनों से लड़के का लड़की के घर आना-जाना शुरू हो गया था। एक-दो बार घर वालों ने संदिग्ध हालत में देख लिया। इस पर दोनों का डांटा और समझाकर लड़के को कभी घर न आने की चेतावनी भी दी थी। मगर, लड़का नहीं माना।”
ग्रामीणों ने बताया, “करीब 1 महीने से परिजनों किशोरी पर नजर रख रहे थे। रविवार शाम को किशोर ने लड़की को घर से 200 मीटर दूर बाग में मिलने बुलाया था। जैसे ही दोनों बाग में पहुंचे। लड़की के परिवार वालों और गांव वालों ने दोनों का पकड़ लिया। पहले तो किशोर को जमकर पीटा। फिर उसे खींचते हुए घर ले आए। जूता-चप्पल की माला पहनाई। इसके बाद उसका सिर मुंडाकर पूरे गांव में टहलाया। इसका किसी ने वीडियो बनाकर शेयर कर दिया।”
लड़के के परिजन बोले- शिकायत करनी चाहिए थी
इस मामले युवक के परिजनों ने कहा, “अगर हमारा बेटा गलत था, तो हमसे या पुलिस से इस बारे में शिकायत करनी चाहिए। हम उसे समझाते और इसका रास्ता जरूर निकालते। बेटे के साथ गलत किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”
लड़की के परिजन बोले- कई बार समझाया, पर नहीं माना
किशोरी के परिजनों का कहना है कि उसे कई बार समझाया था, लेकिन वह नहीं माना। दूसरी बार जब पकड़ा तब भी उसे समझाने की कोशिश की। मगर, किशोर कह रहा था कि वह लड़की से बहुत प्यार करता है। उसके बिना नहीं रह सकता। इस हम लोगों को ज्यादा गुस्सा आ गया। किशोर को सबक सिखाने के लिए यह कदम उठाया।
8 लोगों को किया गया गिरफ्तार
थानाध्यक्ष सर्वेश राय ने कहा, “मामले में अब तक 8 को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।”
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.