गाजियाबाद में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पत्नी को अफेयर का पता चलने पर पति अपनी गर्लफ्रेंड के घर छिप गया। इतना ही नहीं उसने भाई के साथ मिलकर खुद के अपहरण का हल्ला कर दिया।
परिवार वालों ने पुलिस में FIR भी करा दी, लेकिन पुलिस ने कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से 48 घंटे में पति की पोल खोल दी। आरोपी पति और उसके भाई को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की माने तो पति ने पत्नी से हो रहे झगड़े से बचने के लिए यह सारा खेल रचा था।
30 अक्टूबर को अपरहण की दर्ज हुई थी FIR
साहिबाबाद थाना क्षेत्र में जवाहर पार्क शहीदनगर में रामवली मेहतो परिवार समेत रहते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़े का नाम विकास है। वह शादीशुदा है। जबकि छोटे का नाम आकाश है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि 30 अक्टूबर को रामवली मेहतो ने बेटे विकास के अपहरण की तहरीर दी। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे उनका 24 साल का बेटा विकास कुमार मां रंजू देवी से गरिमा गार्डन जाने की बात करके घर से निकला।
परिजनों ने जाहिर की थी हत्या की आशंका
दोपहर करीब तीन बजे उसने मां को फोन किया और कहा कि ‘मम्मी मुझे चार लड़के उठाकर ले जा रहे हैं’ उसके बाद से उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। उन्होंने अपहरण के बाद बेटे की हत्या की आशंका जाहिर की। उनकी सूचना पर साहिबाबाद कोतवाली में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करके चार टीमों को लगाया गया। काल डिटेल, सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की मदद ली गई। उसके आधार पर सोमवार शाम को शहीद नगर से विकास कुमार को ढूंढ लिया।
दिल्ली में रहती है गर्लफ्रेंड
जांच में पता चला कि शादी से पहले विकास के दिल्ली की महिला से प्रेम-प्रसंग थे। विकास के भाई आकाश को भी इसकी जानकारी थी। विकास अपनी गर्लफ्रेंड से छिप-छिपकर मिलता था। फोन पर घंटों तक बातचीत भी करता था। करीब 10 दिन पहले विकास की पत्नी ने उसे गर्लफ्रेंड से बात करते पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। रोज-रोज के झगड़ों से बचने के लिए विकास ने भाई आकाश के साथ मिलकर अपहरण का प्लान तैयार किया।
मां को फोन कर खुद के अपहरण की दी थी सूचना
30 अक्टूबर यानि रविवार को उसने खुद को अगवा किए जाने की मां को सूचना दी और फोन बंद कर लिया। इसके बाद दिल्ली में अवैध संबंध रखने वाली महिला के पास चला गया। वहां से किसी अन्य स्थान पर चला गया। सोमवार शाम को वह शहीद नगर में किसी से मिलने जा रहा था। उस दौरान पकड़ा गया।
ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि आकाश भी इस अपराध में पूरी तरह से भागीदार रहा है। वो पुलिस को भी मैसेज भेजकर बरगलाता रहा है। इस वजह से उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि दिल्ली की महिला की अब तक कोई संलिप्तता नहीं मिली है।
चार साल से शादीशुदा महिला से चल रहा था अफेयर
ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि विकास से पूछताछ की गई। उसने बताया कि उसका चार सालों से दिल्ली की एक महिला से अवैध संबंध है। महिला की 2005 में शादी हुई थी। उसका पति 2014 में उसे छोड़कर चला गया था। उसके तीन बच्चे हैं। वह महिला के साथ ही रहना चाहता है। परिवारवालों ने जबरन गत जुलाई में उसकी बिहार की एक युवती से शादी कर दी थी। घरवाले उस पर बिहार जाकर रहने का दबाव बना रहे थे, जिससे वह महिला से दूर हो जाए। इसके लिए वह तैयार नहीं था।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.