उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के एक गांव में महिला ग्राम प्रधान की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने महिला ग्राम प्रधान कलावती देवी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
वायरल वीडियो फेफना थाना क्षेत्र के आराजी माफी सागरपाली का बताया जा रहा है। जिसमें चार-पांच महिलाएं ग्राम प्रधान के साथ मारपीट करती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो बनाने वाला शख्स बार-बार कहा रहा है कि देखिए ये लोग महिला ग्राम प्रधान को मार रही हैं।
वीडियो में थोड़ी दूर कुछ लोग तमाशबीन बने दिखाई दे रहे हैं। वीडियो बुधवार का बताया जा रहा है। इसके पहले बीते 15 अगस्त को झंडातोलन को लेकर भी ग्रामप्रधान के साथ दबंगों ने मारपीट की थी। ताजा प्रकरण में बताया जा रहा है कि आराजी माफी सागरपाली की ग्राम प्रधान कलावती देवी पहले किसी दूसरे शहर में रहती थीं।
पंचायत चुनाव के समय गांव आराजी माफी सागरपाली रिजर्व सीट में आ गया। गांव के कुछ लोगों ने कलावती देवी को अपने खर्चे पर चुनाव लड़ाया और वो प्रधान हो गईं। अब चुनाव लड़ाने वाले लोग चाहते हैं कि ग्राम प्रधान कलावती देवी उनके इशारों पर काम करे। लेकिन वो ऐसा नहीं कर रही। जिसे लेकर चुनाव लड़ाने वाले कलावती से रंजिश रखते हैं।