झांसी: में 4 दिन पहले एक युवक की लाश मिली थी। पुलिस ने रविवार को हत्या के आरोप में उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया, ”मेरी बहन पर बुरी नजर रखता था, इसलिए मार डाला।” उसने बताया कि पहले उसे शराब पिलाई। जब वह सो गया, तो उसके सिर पर डंडे से कई वार किए। इसके बाद नुकीले पत्थर और ब्लेड से गला काट दिया।
आरोपी ने बताया, “दोस्त जिंदा तो नहीं है, यह देखने के लिए कुछ घंटे बाद दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा। दोस्त को मरा देखने के बाद घर जाकर सो गया।” पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर इस हत्याकांड का खुलासा किया है। हत्यारोपी को जेल भेज दिया गया है।
10 साल से थी दोनों में दोस्ती
SSP राजेश एस ने बताया कि आरोपी राहुल यादव शादी-समारोह में चाऊमीन-डोसा बनाने का काम करता है। वह अविवाहित है। पहले वह उन्नाव गेट बाहर रहता था। 5 महीने पहले उसने अपना मकान बेच दिया था। इसके बाद से वह 5 भाइयों और मां के साथ हंसारी में किराए पर रह रहा था। उन्नाव गेट बाहर पर ही उसका दोस्त अमित गुप्ता भी रहता था। अमित चूड़ी का ठेला लगाता था। दोनों में करीब 10 सालों से दोस्ती थी। दोनों एक-दूसरे के घर भी आते-जाते थे।
कुछ दिनों पहले राहुल को पता चला कि अमित उसकी छोटी बहन पर गलत निगाह रखता है। उसने अमित को समझाया और घर आने से मना किया। मगर, इसके बाद भी अमित उसके घर पहुंच जाता था। इसको लेकर दोनों में झगड़ा हुआ।
शराब पिलाने के बाद वारदात को दिया अंजाम
9 नवंबर की रात अमित उन्नाव गेट बाहर पर चाय की दुकान के बाहर सो रहा था। राहुल यादव उसे ओम प्रकाश कोष्टा के बन रहे मकान में ले गया। इसके बाद राहुल ने अमित को खूब शराब पिलाई। नशा ज्यादा होने पर अमित वहीं कमरे में लोहे की बेंच पर सो गया। इसके बाद राहुल ने लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर कई वार किए।
इससे वह बेहोश हो गया। फिर उसने पास में रखे नुकीले पत्थर और ब्लेड से वार कर उसके सिर को धड़ से अलग कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर डंडा, ब्लेड के दो टुकड़े, खून से सना नुकीला पत्थर और कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पहले भी 3 बार इस मकान में शराब पार्टी कर सो चुके थे।
CCTV से खुला हत्या का राज
SSP ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे में सबसे अहम भूमिका CCTV की रही। घटनास्थल के पास दो दुकानों के बाहर CCTV कैमरे लगे हुए थे। घटना वाली रात करीब 12:50 बजे अमित और राहुल निर्माणाधीन मकान की तरफ जाते हुए दिखे।
हत्या के बाद आरोपी घर चला गया। थोड़ी बाद वह देखने आया कि अमित मरा या नहीं। वे भी फुटेज कैमरे में कैद हुए। फुटेज आसपास के लोगों को दिखाए गए तो आरोपी की पहचान हो गई। रविवार को पंचवटी पानी की टंकी वाले तिराहे से राहुल यादव को गिरफ्तार किया गया।
फरवरी में होनी है हत्यारोपी की बहन की शादी
राहुल की छोटी बहन की फरवरी 2023 में शादी होने वाली है। राहुल को डर था कि आरोपी की हरकतों की वजह से उसकी शादी टूट सकती है। कई बार समझाने के बाद भी जब वो नहीं माना तो उसने हत्या की प्लानिंग की।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.