सांसद मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में सपा ने डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है। डिंपल यादव पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू हैं। सोमवार को वह पति अखिलेश यादव के साथ कलक्ट्रेट पर नामांकन करने पहुंचेंगी। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में मैनपुरी लोकसभा सीट से मुलायम सिंह यादव सांसद चुने गए थे। बीते 10 अक्तूबर को उनके निधन के बाद मैनपुरी सीट खाली हो गई है। इस पर पांच नवंबर को चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा कर दी थी। उपचुनाव के लिए जारी अधिसूचना के अनुसार 10 नवंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
चार सेटों में खरीदा गया नामांकन पत्र समाजवादी पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा सीट के उपचुनाव में मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया है। 11 नवंबर को सपा जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य ने डिंपल यादव के लिए कलक्ट्रेट पहुंचकर चार सेटों में नामांकन पत्र खरीदा था।
एक से दो बजे के बीच करेंगी नामांकन सोमवार को डिंपल यादव अखिलेश यादव के साथ मैनपुरी कलक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष में नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगी। उनके साथ सपा जिला अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वह दोपहर एक से दो बजे के बीच नामांकन दाखिल करेंगीं। नामांकन को देखते हुए कलक्ट्रेट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने के आदेश प्रशासन ने दिए हैं।
डिंपल यादव पूर्व में फिरोजाबाद और कन्नौज से भी लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। अब मैनपुरी से मैदान में हैं। गौरतलब है कि अब तक भारतीय जनता पार्टी ने उपचुनाव में अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। ऐसे में सभी की निगाहें भाजपा की ओर टिकी हैं।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.